श्री दुर्गा मंदिर कमेटी के तत्वावधान में धूमधाम से निकली भगवान शालिग्राम की भव्य बारात, पंजाबी सभा में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ तुलसी विवाह, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
राजू अनेजा,काशीपुर। तुलसी मैया को ब्याहने निकले भगवान शालिग्राम की बारात ने शनिवार को धर्मनगरी काशीपुर को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की मधुर धुन और भगवान के जयकारों के बीच निकली भव्य बारात में ऐसा उत्साह देखने को मिला कि मानो पूरा शहर ही बाराती बन गया हो। कहीं ढोल की थाप पर श्रद्धालु झूमते नजर आए तो कहीं भगवान शालिग्राम की बारात पर फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा के साथ बारात का अभिनंदन किया और कई जगह बारातियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
घास मंडी स्थित श्री दुर्गा मंदिर कमेटी के तत्वावधान में आयोजित तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव के तहत मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान शालिग्राम की बारात धूमधाम से रवाना हुई। बारात में शामिल धर्मप्रेमी ढोल की थाप पर नाचते-गाते और भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने भक्ति संगीत की धुनों पर जमकर नृत्य किया। बारात जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर भगवान का स्वागत किया। जगह-जगह उमड़े लोगों के उत्साह और श्रद्धा ने आयोजन को यादगार बना दिया।
आशीष अरोड़ा और पूजा अरोड़ा बने वर पक्ष के यजमान, किशन मदान व पुष्पा मदान ने किया कन्यादान
तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव में धार्मिक परंपराओं के अनुरूप वर पक्ष की ओर से आशीष अरोड़ा एवं पूजा अरोड़ा यजमान बने। वहीं तुलसी मैया का कन्यादान किशन मदान एवं पुष्पा मदान ने किया। वैदिक रीति-रिवाजों और धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह की रस्में संपन्न कराने की तैयारियां की गईं। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने विवाहोत्सव में शामिल होकर मंगल गीतों और भगवान के जयकारों के बीच अपनी श्रद्धा प्रकट की।
माता मंदिर रोड स्थित पंजाबी सभा में संपन्न हुईं विवाह की रस्में
श्री दुर्गा मंदिर से प्रारंभ हुई भगवान शालिग्राम की बारात शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई माता मंदिर रोड स्थित पंजाबी सभा पहुंची। यहां बारात का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। इसके बाद तुलसी मैया और भगवान शालिग्राम के विवाह की सभी वैवाहिक रस्में विधि-विधान के साथ अदा की गईं। विवाह समारोह में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
धार्मिक आयोजनों से समाज को जोड़ने का कार्य कर रही श्री दुर्गा मंदिर कमेटी : सुरेंद्र छाबड़ा
बारात में रमेश छाबड़ा, सुरेंद्र छाबड़ा, राजेंद्र चावला, अनिल कपूर, अनिल चावला, मनोज शर्मा, मनीष शर्मा, अनिल माटा, प्रदीप गुजराल, राजू अनेजा, विनोद मल्होत्रा, सुरेंद्र बत्रा और नवीन अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी शामिल रहे।
श्री दुर्गा जागरण मंडली के अध्यक्ष एवं उत्तरांचल पंजाबी महासभा के जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र छाबड़ा ने बारात में शामिल हुए सभी धर्मप्रेमियों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री दुर्गा मंदिर कमेटी की ओर से समय-समय पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना ही नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोना, आपसी भाईचारे को मजबूत करना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं धार्मिक विरासत से जोड़ना भी है।
उन्होंने कहा कि भगवान शालिग्राम की बारात में जिस तरह शहरवासियों और धर्मप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा जगह-जगह पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था कर बारात का स्वागत किया, वह आपसी प्रेम, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
विवाह की सभी रस्में संपन्न होने के उपरांत पंजाबी सभा परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता की अनूठी झलक देखने को मिली। श्री दुर्गा मंदिर कमेटी के इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर काशीपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत तस्वीर पेश की।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


