रुद्रप्रयाग: अगस्त्यमुनि में बारात से लौट रहा मैक्स वाहन गहरी खाई में गिरा; हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत, 6 घायल

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक स्थित क्यूंजा घाटी में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कंडारा रोड पर बारात से लौट रहा एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने रातभर रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
शादी समारोह से लौट रहे थे ग्रामीण, रात करीब नौ बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी 10 लोग पोखरी क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मैक्स वाहन से वापस रांसी-गोणार क्षेत्र की ओर लौट रहे थे। मंगलवार रात करीब नौ बजे जब वाहन कंडारा रोड पर पहुंचा, तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी गहरी खाई में जा समाई।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके अलावा जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत और पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने आपसी समन्वय से रातभर चले अभियान के बाद सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला।
घायलों और मृतकों का विवरण
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घायलों का विवरण:
-
उम्मेद सिंह राणा (पुत्र चंद्र सिंह राणा, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ) – सामान्य चोटें
-
राजेंद्र सिंह (पुत्र चंद्र सिंह, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ) – सामान्य चोटें
-
लविश राणा (पुत्र दिलीप सिंह राणा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ) – हायर सेंटर श्रीनगर रेफर
-
कु. वंशिका (पुत्री आशीष रावत, उम्र 08 वर्ष, निवासी ग्राम कांथा, ऊखीमठ) – हायर सेंटर श्रीनगर रेफर
-
उर्मिला देवी (पत्नी भरत सिंह राणा, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम चिलौंड, गुप्तकाशी) – हायर सेंटर श्रीनगर रेफर
-
श्रीमती पूजा (पत्नी आशीष रावत, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम कांथा, ऊखीमठ) – हायर सेंटर श्रीनगर रेफर
दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के नाम:
-
कुंवर सिंह (पुत्र बच्चन सिंह, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ)
-
मदन सिंह (पुत्र मोहन सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम रांसी, ऊखीमठ)
-
सूरत सिंह (पुत्र भीम सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम देड़ा, ऊखीमठ)
-
बलवीर सिंह (पुत्र बिहारी सिंह, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम दादा गैड़ बस्ती, रांसी, ऊखीमठ)
प्रशासन की ओर से मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, अचानक हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

