मीडिया सर्वे ने गरमाया उत्तराखंड का सियासी पारा: 2027 में धामी के नेतृत्व में भाजपा को 54 सीटें मिलने का अनुमान, कांग्रेस 14 पर सिमटने की उम्मीद

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से करीब एक वर्ष पूर्व सामने आए एक प्रमुख मीडिया चैनल के ताजा ओपिनियन सर्वे ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। सर्वे के आंकड़ों के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की 70 में से 54 विधानसभा सीटों पर एकतरफा जीत दर्ज कर सकती है, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस मात्र 14 सीटों पर सिमटती दिख रही है। यदि यह सर्वे आगामी चुनावी नतीजों में बदलता है, तो भाजपा वर्ष 2022 के अपने पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। सर्वे के ये आंकड़े भाजपा के लिए 2027 की चुनावी तैयारियों के लिहाज से बेहद सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं।
युवाओं, महिलाओं और सभी सामाजिक वर्गों में बढ़ा सीएम धामी का ग्राफ; यूसीसी और नकल विरोधी कानून का मिला लाभ
सर्वे के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकार्यता हर आयु वर्ग और सामाजिक समीकरणों में मजबूत हुई है। वैश्य (57.3%), ओबीसी (50.6%), पंजाबी-सिख (49.7%), ब्राह्मण (46.3%), राजपूत (46.1%) और अनुसूचित जाति (45.3%) वर्ग का बड़ा समर्थन धामी के पक्ष में जाता दिख रहा है। इसके अतिरिक्त, महिला आरक्षण नीति को 88 प्रतिशत और देवभूमि के मूल स्वरूप को बचाने के प्रयासों को 70 प्रतिशत जनता का समर्थन मिला है। समान नागरिक संहिता (UCC), कड़ा नकल विरोधी कानून और महिला सशक्तीकरण जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने सरकार के प्रति जनता के भरोसे को मजबूत किया है। इस सर्वे ने जहां भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है, वहीं कांग्रेस के लिए सत्ता विरोधी माहौल बनाने और इस रुझान को पलटने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

