उत्तराखंड में विदाई से पहले मानसून का अलर्ट: दो दिन भारी बारिश की चेतावनी, चारधाम यात्रा रहेगी जारी; शासन-प्रशासन अलर्ट मोड पर

देहरादून। मानसून की विदाई से ठीक पहले उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बिगड़ गया है। मौसम विभाग द्वारा आगामी दो दिनों के लिए प्रदेश भर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद राज्य सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बीते वर्षों में सितंबर और अक्टूबर माह में हुई भीषण प्राकृतिक आपदाओं और जान-माल के नुकसान के कड़वे अनुभवों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन व सभी जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, इस स्थिति के बीच राज्य में चल रही चारधाम यात्रा को स्थगित नहीं किया गया है; बल्कि भारी वर्षा की स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षा के लिहाज से निकटतम सुरक्षित ठहराव स्थलों पर रोकने का निर्णय लिया गया है।
नदी-नालों की निगरानी और संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी तैनात करने के निर्देश
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन और गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने जिलास्तरीय अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। आपदा प्रबंधन सचिव ने सभी जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को 24 घंटे सक्रिय रखने, रेड व ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में निरंतर निगरानी करने तथा नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने पर तटीय इलाकों से लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, भूस्खलन के दृष्टि से संवेदनशील पहाड़ी मार्गों पर जेसीबी व पोकलैंड मशीनें तैनात रखने को कहा गया है ताकि मार्ग बंद होने की दशा में यातायात तत्काल बहाल किया जा सके।

