उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, धराली में बादल फटने से 50 से अधिक लोग लापता; कई जिलों में रेड अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के लिए बुधवार सुबह तक के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें “अति भारी से अत्यधिक भारी बारिश” की संभावना जताई गई है। यह अलर्ट ऐसे समय पर आया है जब राज्य पहले से ही आपदा का सामना कर रहा है।
उत्तरकाशी के धराली में बड़ा हादसा
मंगलवार को उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में खीर गंगा नदी के ऊपर बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। इस त्रासदी में लगभग 20-25 होटल और होमस्टे बह गए और 50 से अधिक लोगों के लापता होने की खबर है।
प्रशासन ने शुरू किया बचाव अभियान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं और युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य जारी है। उन्होंने जनता से घबराने नहीं और सतर्क रहने की अपील की है।
इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी
IMD के अनुसार, मानसून अत्यधिक सक्रिय है और हिमालयी क्षेत्रों में घने बादल बन रहे हैं। विभाग ने जिन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, उनमें शामिल हैं:
- हरिद्वार
- नैनीताल
- उधम सिंह नगर
- उत्तरकाशी
- चमोली
- पिथौरागढ़
IMD की सख्त चेतावनी और सलाह
मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों में यात्रा न करने की सख्त हिदायत दी है। लोगों को भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है।
क्या करें, क्या न करें:
- पहाड़ी इलाकों की यात्रा फिलहाल टाल दें।
- नदी-नालों से दूर रहें।
- किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के संपर्क में रहें।
- अफवाहों पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें