मोटाहल्दू : चौकी प्रभारी ने निजी खर्चे से प्राचीन शिव मंदिर में लगवाया सीसीटीवी कैमरा; ग्रामीणों ने की सराहना

मोटाहल्दू। मोटाहल्दू स्थित प्राचीन शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी ने एक सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने अपने निजी स्तर पर मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था कराई है, जिससे क्षेत्र के लोगों और मंदिर समिति ने राहत की सांस लेते हुए पुलिस अधिकारी की इस पहल की जमकर सराहना की है।
चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में थी नाराजगी
विदित हो कि रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने प्राचीन शिव मंदिर परिसर को निशाना बनाते हुए वहां से एलईडी लाइटें और बिजली के तार चोरी कर लिए थे। इस घटना की सूचना तुरंत कोतवाली लालकुआं और हल्दूचौड़ चौकी पुलिस को दी गई थी। पवित्र धार्मिक स्थल पर चोरी की इस वारदात से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में काफी नाराजगी थी। ग्रामीणों का कहना था कि यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी करने और चोरों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की थी।
चौकी प्रभारी की त्वरित पहल, मोतीनगर में भी कैमरा लगवाने का आश्वासन
ग्रामीणों के अनुरोध और मंदिर की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी ने तत्काल कार्रवाई की और अपने निजी खर्चे से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगवा दिया। ग्रामीणों ने इस कदम को सुरक्षा की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण प्रयास बताया है।
इसके साथ ही, चौकी प्रभारी ने मोतीनगर क्षेत्र में भी लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वहां भी जल्द सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आश्वासन दिया है। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर पूर्व ग्राम प्रधान विपिन जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे, प्रधान प्रतिनिधि कीर्ति पाठक, विक्की पाठक, गिरीश भट्ट, चंदन सिंह, अरविंद भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश कबडाल, हेम गोस्वामी, चंद्रशेखर सुयाल, मुकेश चंद्र जोशी, अंकित बमेटा, रमेश चंद्र बमेटा और पंडित नीरज दुर्गापाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

