
राजू अनेजा,काशीपुर।नव वर्ष के स्वागत को लेकर काशीपुर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का विराट नज़ारा देखने को मिलेगा। श्री बाला जी दरबार सेवक समिति के तत्वावधान में 31 दिसंबर 2025 (बुधवार) को श्री बालाजी मुक्ति धाम मंदिर, जसपुर खुर्द, काशीपुर में माँ भगवती की चौकी एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया जा रहा है। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित यह जागरण श्रद्धालुओं के लिए आस्था का महापर्व बनेगा।
कार्यक्रम में दुर्गा जागरण मंडली, काशीपुर द्वारा माँ भगवती के भजनों का भावपूर्ण और ओजस्वी गुणगान किया जाएगा। भजनों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब जाएगा और श्रद्धालु देर रात तक माँ की आराधना में लीन रहेंगे।
आयोजन की शुरुआत रात्रि 8:00 बजे स्तुति एवं भोग से होगी, इसके पश्चात रात्रि 8:15 बजे भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रात्रि 9:00 बजे माता का पूजन व विशाल चौकी प्रारंभ होगी, जबकि रात्रि 1:00 बजे आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
सेवक समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार उपस्थित होकर माँ भगवती का आशीर्वाद लेने और नव वर्ष का शुभारंभ धार्मिक ऊर्जा के साथ करने की अपील की है।


