4 बच्चों की मां 2 लोगों से लगा बैठी दिल, फिर एक प्रेमी संग मिलकर किया दूसरे का कत्ल
यूपी के बांदा जिले में प्रेम प्रसंग में एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर दूसरे प्रेमी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। निशानदेही पर कुल्हाड़ी और मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है। आरोपी महिला के चार बच्चे दो बेटे व दो बेटियां हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरवां थानाक्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी अर्जुन उर्फ छोटे (18) पुत्र भइयन प्रजापति घर से करीब 100 मीटर की दूर पशुबाड़े में रविवार रात सोने गया था। सोमवार सुबह बड़ा भाई भैरमदीन मवेशियों को चारा देने पहुंचा तो अर्जुन का लहूलुहान शव चारपाई पर पड़ा मिला। गले और सिर पर कुल्हाड़ी से वार किए गए थे। उसने ग्रामीणों के साथ पुलिस को इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, नरैनी कोतवाली प्रभारी मनोज शुक्ला, अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र और सीओ नितिन कुमार मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।

दुर्गापुर गांव निवासी अर्जुन दिल्ली में रहकर पत्थर कटिंग का काम करता था। 15 दिन पहले दिल्ली से आया था। उसकी 20 फरवरी को मटौंध थाना क्षेत्र के ग्योरा मुगली गांव में शादी तय थी। घर में शादी की तैयारी भी चल रहीं थी। पिता भइयन प्रजापति और बड़े भाई भैरमदीन ने बताया कि हत्यारोपी महिला बिटोला का पति लाला यादव भी दिल्ली में रहकर अर्जुन के साथ पत्थर कटाई का काम करता है।
अर्जुन की मजदूरी का 50 हजार रुपये लाला यादव लिए हैं। आरोप है कि लाला यादव की पत्नी का प्रेम प्रसंग गांव के मुन्ना पांडेय से है। अर्जुन अक्सर दिल्ली से बिटोला के पति की ओर से भेजे गए सामान लेकर बिटोला के घर आता-जाता था। इससे अर्जुन की बिटोला से भी नजदीकी बढ़ गई थी। इसी खुन्नस के चलते मुन्ना पांडेय ने महिला के साथ मिलकर उसके भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की है।
पिता बटाई पर खेती लेकर करते हैं किसानी
भइयन प्रजापति का भरा पूरा परिवार है। भइयन गांव में बटाई में खेती लेकर खेती-किसानी करता है। घर में पत्नी सुनैना के अलावा उसके चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्रियों और एक पुत्र की शादी हो चुकी है। मृतक अर्जुन चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। घर में भैंसें भी पली हैं। किसी बात की कमी नहीं थी।
घटना से कुछ घंटे पहले अर्जुन के घर आया था आरोपी
भैरमदीन का कहना है कि रविवार की शाम करीब पांच बजे मुन्ना पांडेय उसके भाई (मृतक अर्जुन) को अपने साथ ले जाने आया था। मुन्ना ने कहा था कि एक काम से अर्जुनाह गांव चलना है। इसकी एवज में चाहे तो तुम 20 हजार रुपये ले लो और अपने भाई को भेज दो। भैरमदीन का आरोप है कि मुन्ना उसके छोटे भाई को साथ ले जाकर मारने का प्लान बनाए था। अगर उसका भाई रात में मवेशियों के बाड़े का दरवाजा नहीं खोलता तो शायद आज वह जिंदा होता।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

