हल्द्वानी में सड़क पर डंडे लहराकर दहशत फैलाने वाले 15 युवकों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 8 बालिग गिरफ्तार, वाहन सीज और 7 नाबालिगों के परिजनों पर भी कार्रवाई

खबर शेयर करें -
हल्द्वानी। जन्माष्टमी की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर वाहनों में सवार होकर हाथों में डंडे लहराने और हुड़दंग मचाकर आम जनता के बीच भय का माहौल पैदा करने वाले युवकों पर नैनीताल पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी को आरोपियों की तत्काल धरपकड़ के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वीडियो में दिख रहे कुल 15 युवकों को चिह्नित कर थाने पहुंचा दिया, जिनमें 8 बालिग और 7 नाबालिग शामिल हैं।
वाहन सीज, नाबालिगों की काउंसलिंग और परिजनों से वसूला गया जुर्माना
काठगोदाम पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुड़दंग में इस्तेमाल किए गए वाहनों को ट्रेस कर सीज कर दिया है। पुलिस ने आठों बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला। इसके अलावा, सात नाबालिग युवकों के परिजनों को थाने बुलाकर युवकों की काउंसलिंग की गई और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की ढील देने पर परिजनों के खिलाफ भी पुलिस अधिनियम के तहत जुर्माना जमा कराया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, गुंडागर्दी या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  मृत बकरी का मांस खाने से 20 से अधिक लोग बीमार: महिलाओं और बच्चों की हालत बिगड़ी