हेमवती नंदन दुर्गापाल के नेतृत्व में गदरपुर में प्रकाश जोशी का जोरदार स्वागत, 8 अगस्त की हल्द्वानी महारैली की रणनीति तैयार

गदरपुर। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी के गदरपुर आगमन पर गुरुवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित महारैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में हल्द्वानी पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और लोकतांत्रिक विचारधारा को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। जोशी ने दोहरे रुख के साथ कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी तरह के दबाव या दमन से डरने वाले नहीं हैं। लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ने कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक लगातार जनता के बुनियादी मुद्दों को मुखरता से उठा रही है। प्रदेश की जनता मौजूदा व्यवस्था से त्रस्त है और आने वाले समय में वह निश्चित रूप से कांग्रेस के पक्ष में अपना निर्णय देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बात कही।
कांग्रेसी नेता मोहन कुड़ाई ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आपसी समन्वय, सक्रियता और एकजुटता ही हमारी ताकत है। सभी कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। वहीं, वरिष्ठ नेता सुमित्र भुल्लर ने कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह को पार्टी की असली पूंजी बताया और आगामी सभी सांगठनिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कांग्रेसी नेता मोहन कुड़ाई, शिवराज बिष्ट, रणजीत मेहरा, कमल दानू, राजू खत्री, राहुल देवराड़ी , भुवन जोशी, राजा धामी सहित भारी संख्या में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

