रामनगर: रिजॉर्ट में कॉर्पोरेट पार्टी के दौरान युवती से दुष्कर्म; दिल्ली की पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो सहकर्मियों को हिरासत में लिया

खबर शेयर करें -
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड में नैनीताल जिले के रामनगर स्थित एक नामी रिजॉर्ट में कॉर्पोरेट आउटिंग के दौरान कंपनी में कार्यरत एक युवती के साथ यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि कंपनी के 10 साल पूरे होने के जश्न में रखी गई शराब पार्टी के दौरान उसके दो सहकर्मियों ने उसके साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। दिल्ली निवासी पीड़िता की तहरीर पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

10 साल पूरे होने पर रखी गई थी कॉर्पोरेट आउटिंग

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रामनगर स्थित एक रिजॉर्ट की है, जहां 24 और 25 अक्टूबर को एक निजी कंपनी के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कॉर्पोरेट आउटिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। दिल्ली निवासी पीड़िता ने 26 अक्टूबर को रामनगर पुलिस को सौंपी लिखित शिकायत में पूरी आपबीती सुनाई।
शिकायत के मुताबिक, 24 अक्टूबर की देर रात करीब 11:30 बजे युवती को रिजॉर्ट के एक कमरे में बुलाया गया, जहां कंपनी की सेल्स टीम के कई सदस्य मौजूद थे और शराब पी रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि शुभम नाम के सहकर्मी ने उसे जबरन अत्यधिक शराब पिलाई और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। वहीं, दूसरे आरोपी सौरभ पर भी कमरे में बुलाकर दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

तबीयत बिगड़ने पर सहकर्मियों को बताई आपबीती, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि घटना के बाद अत्यधिक शराब और जबरदस्ती के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। इसके बाद दोनों आरोपी उसे दूसरे कमरे में ले गए, जहां अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। अगले दिन शाम को हालत में थोड़ा सुधार होने पर पीड़िता ने कंपनी की एचआर (HR) मैनेजर को पूरी घटना की जानकारी दी और तत्पश्चात पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, BNS की धाराओं में केस दर्ज

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 62 (दुष्कर्म का प्रयास) और धारा 64 (दुष्कर्म) के तहत नामजद मुकदमा पंजीकृत किया है। घटना की पुष्टि और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने रिजॉर्ट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं।
रामनगर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। नियमानुसार निष्पक्ष जांच की जा रही है, और फॉरेंसिक रिपोर्ट व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें 👉  बंगाल की खाड़ी के चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर; उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी के आसार
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें बढ़ीं; राज्यपाल पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में एक और मुकदमा दर्ज, पुलिस ने भेजा जेल