देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से लेकर गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक उत्तराखंड में ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। इस दौरान राज्य सरकार और भाजपा संगठन मिलकर कई कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जो ‘नर एवं नारायण सेवा’ की भावना पर आधारित होंगे।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेंगे कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। इस दौरान पूरे प्रदेश में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक गतिविधियाँ चलाई जाएँगी, जिनमें शामिल हैं:
-
1008 मंदिरों में पूजा-अर्चना: 17 सितंबर से ही 1008 मंदिरों में पूजा-अर्चना और वेद ऋचाओं का पाठ किया जाएगा।
-
आपदा राहत: वर्तमान में चल रही आपदा राहत गतिविधियों में भी सेवा पखवाड़े के तहत सहयोग दिया जाएगा।
-
स्वास्थ्य और स्वच्छता: स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होगा। अस्पतालों में मरीजों को फल भी वितरित किए जाएँगे।
-
सामाजिक कार्य: दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग वितरण शिविर, प्रदर्शनियाँ और बहुउद्देश्यीय शिविर लगाए जाएँगे।
-
जागरूकता अभियान: ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान, ‘मोटापा भारत छोड़ो’ अभियान और ‘विकसित भारत’ के संकल्प पर स्कूलों में निबंध व भाषण प्रतियोगिताएँ होंगी।
-
गांधी-शास्त्री जयंती: 2 अक्टूबर को स्वदेशी और खादी अपनाने का संकल्प लिया जाएगा।
भाजपा संगठन भी रहेगा सक्रिय
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन देश-दुनिया को प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि संगठन मंडल स्तर पर स्वच्छता अभियान, विचार गोष्ठियों और जागरूकता रैलियों का आयोजन करेगा। प्रदेश स्तर पर कार्ययोजना को अंतिम रूप दे दिया गया है, जिसे जल्द ही जिलों की टीमों के साथ साझा किया जाएगा।


