लोहाघाट: कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की जनसभा में गुटबाजी का साया; मंच पर सम्मान व संबोधन न मिलने से भड़के मुन्ना ढेक के समर्थक, विधायक समर्थकों से हुई तीखी नोंकझोंक

लोहाघाट (चंपावत)। आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से लोहाघाट में आयोजित कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की जनसभा में पार्टी की आंतरिक गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान मंच पर अपेक्षित सम्मान और संबोधन का अवसर न मिलने से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक के समर्थक नाराज हो गए। सभा समाप्त होते ही प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मुन्ना ढेक और स्थानीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के समर्थकों के बीच तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
मंच पर उपेक्षा का आरोप, समर्थकों ने जताई नाराजगी
प्रत्यक्षदर्शियों और पार्टी सूत्रों के मुताबिक, जनसभा को सफल बनाने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक अपने समर्थकों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान मंच से मुन्ना ढेक को बोलने का समय नहीं दिया गया।
मुन्ना ढेक के समर्थकों का आरोप है कि न केवल उनके नेता को संबोधन से वंचित रखा गया, बल्कि उनकी ओर से मंच पर मौजूद किसी भी वरिष्ठ नेता को सम्मानित कराने का अवसर भी नहीं दिया गया। समर्थकों ने इसे अपने नेता की उपेक्षा और अपमान बताते हुए विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा और स्थिति को देखते हुए विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को वहां से निकलना पड़ा।
मुन्ना ढेक ने जताया विरोध, आगामी चुनाव में निर्दलीय उतरने की दी चेतावनी
इस घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता मुन्ना ढेक ने मंच संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए उन्होंने पूरी ताकत झोंकी और बड़ी संख्या में जनता को सभा में जुटाया, लेकिन मंच पर उन्हें सम्मान देना तो दूर, अपनी बात रखने तक का मौका नहीं दिया गया।
मुन्ना ढेक ने आरोप लगाया कि जानबूझकर उनके माध्यम से किसी नेता का स्वागत या सम्मान नहीं होने दिया गया। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी द्वारा खुशाल सिंह अधिकारी को प्रत्याशी बनाया जाता है, तो वह स्वयं निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, इस पूरे विवाद को लेकर स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

