बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग को लोजपा (रामविलास) का पूर्ण समर्थन, प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने जारी किया आधिकारिक पत्र

लालकुआं/बिंदुखत्ता। बिंदुखत्ता क्षेत्र को राजस्व ग्राम का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर लंबे समय से चल रहे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक जनआंदोलन को अब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का भी मजबूती से साथ मिल गया है। पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने आंदोलन को अपनी पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए एक आधिकारिक समर्थन पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता में लंबे समय से निवास कर रहे हजारों परिवारों की मूलभूत सुविधाओं, संवैधानिक अधिकारों और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए यह मांग पूरी तरह से न्यायसंगत और जनहित से जुड़ी हुई है।
डीएलसी की प्रक्रिया पूरी होने पर तुरंत जारी हो अधिसूचना, लोजपा निभाएगी सक्रिय भूमिका
प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने राज्य सरकार से पुरजोर अपील की कि यदि जिला स्तरीय समिति (DLC) द्वारा इस संबंध में आवश्यक प्रक्रियाएं और स्वीकृतियां पूरी कर ली गई हैं, तो सरकार को जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार बिना किसी अनावश्यक विलंब के बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने के लिए तुरंत अधिसूचना जारी करे। ठाकुर ने स्पष्ट किया कि लोजपा (रामविलास) उत्तराखंड की जनता के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा अग्रणी रही है और जरूरत पड़ने पर पार्टी कार्यकर्ता इस संघर्ष में जनता के साथ सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

