कुटुंब न्यायालय में अजीबोगरीब मामला; महिला अधिवक्ता का जूनियर बनकर आया युवक विचाराधीन मुकदमे की मूल फाइल लेकर फरार

खबर शेयर करें -
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्रधान कुटुंब न्यायालय में एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बिना किसी तारीख या पेशी के एक युवक खुद को महिला अधिवक्ता का जूनियर बताकर कोर्ट पहुंचा और निरीक्षण के बहाने विचाराधीन मुकदमे की मूल फाइल लेकर चंपत हो गया। घटना के बाद से न्यायालय परिसर और कचहरी में हड़कंप मचा हुआ है। कोर्ट स्टाफ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

वकील का जूनियर बनकर मांगी थी फाइल

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, प्रधान कुटुंब न्यायालय में तैनात आदेशिका वाहक धर्मवीर सिंह ने बताया कि बीते 13 अक्टूबर को ‘इसरार’ नाम का एक युवक कोर्ट परिसर में पहुंचा। उसने वहां मौजूद स्टाफ को खुद को महिला अधिवक्ता अलविना का जूनियर बताया और ‘रेशमा बनाम इसरार’ से जुड़े मुकदमे की पत्रावली (फाइल) देखने की बात कही।
विश्वास करते हुए स्टाफ ने उसे फाइल देखने के लिए दे दी। आरोप है कि कुछ ही मिनटों में वह युवक बिना किसी को बताए फाइल का बाहरी कवर वहीं छोड़कर उसके अंदर मौजूद सभी मूल कागजात लेकर चुपचाप रफूचक्कर हो गया। जब काफी देर तक उसका कुछ पता नहीं चला, तो स्टाफ ने खोजबीन शुरू की।

महिला अधिवक्ता ने भी जताई अनभिज्ञता, सिडकुल थाने में केस दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब संबंधित महिला अधिवक्ता अलविना से संपर्क किया गया, तो उन्होंने भी उस युवक के अपने यहां जूनियर होने या फाइल मांगने की बात से पूरी तरह इंकार कर दिया। किसी को भनक तक नहीं लगी कि युवक फाइल के जरूरी दस्तावेज लेकर कब फरार हो गया।
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट स्टाफ की शिकायत के आधार पर आरोपी इसरार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अदालत परिसर से इस तरह मुकदमे की मूल फाइल लेकर भागने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और वकीलों के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  स्कूल के गेट पर प्रिंसिपल पर टूटा 10वीं का छात्र; निलंबन से नाराज छात्र ने की मारपीट, पुलिस हिरासत में