
राजू अनेजा,काशीपुर। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराए जाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर प्रदेशभर में जारी जनाक्रोश आंदोलन के तहत काशीपुर में महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। उपजिलाधिकारी परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग उठाई। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अनुपम शर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है, लेकिन सरकार सच्चाई सामने लाने के बजाय आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा साफ नहीं है, यही कारण है कि अब तक इस जघन्य हत्याकांड के सभी दोषियों को कठोर सजा नहीं मिल सकी है।
अनुपम शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सीबीआई जांच की घोषणा नहीं की गई तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करती आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सीबीआई जांच नहीं होती और दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने इसे न्याय की लड़ाई बताते हुए कहा कि यह आंदोलन केवल अंकिता भंडारी के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की हर बेटी की सुरक्षा और सम्मान के लिए है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एडवोकेट मनोज जोशी, महेंद्र बेदी, शिवम शर्मा, अब्दुल कादिर, राकेश यादव, ब्रह्मापाल, उमेश जोशी, संजय चतुर्वेदी, तौकीर अंसारी, सरफराज, गौरव चौधरी, सुरेंद्र सागर, वसीम, शीतल, मंसूर अली मंसूरी, डॉ. करण सिंह पाल, अमित गांधी, संजीव कुमार शर्मा, सारिम सैफी, रियासत प्रधान, एडवोकेट शुभम उपाध्याय, कुलदीप सिंह ऐरी, कृष्ण कुमार, सुखप्रीत सिंह, अनीस अंसारी, मोहम्मद आरिफ सैफी, असलम एडवोकेट, अजीता शर्मा, तनुजा, त्रिलोक सिंह अधिकारी, इदरीश अंसारी, हरीश कुमार सिंह एडवोकेट, रोशनी बेगम, अजीज कुरैशी, राकेश भगत, सरित चतुर्वेदी, टीका सिंह सैनी, सोनू नामधारी, अब्दुल समद, जफर मुन्ना, मोहम्मद उस्मान, मतलूब हुसैन, सुशील भटनागर, इंदर सेठी, अशोक नेहरू और डॉ. रमेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।


