सुशीला तिवारी अस्पताल में बेटे का इलाज कराने आए बुजुर्ग का बैग ले उड़े चोर, सीसीटीवी में घटना के बाद मंदिर में हाथ भी जोड़ते दिखे शातिर

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,हल्द्वानी । कुमाऊं के सबसे बड़े डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बेटे का इलाज करा रहे एक गरीब पिता का पैसों व कागजातों से भरा बैग दो शातिर ले उड़े। हैरत की बात यह कि चोरी के बाद आरोपी अस्पताल परिसर में बने मंदिर के पास पहुंचे, घंटी बजाई और भगवान को हाथ जोड़ते हुए वहां से आराम से निकल गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

यह भी पढ़ें 👉  पंतनगर: राज्यपाल ने किया राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ, कहा– 'राष्ट्र निर्माण का सशक्त साधन हैं खेल'

गरमपानी निवासी श्याम सिंह का बेटा तनुज रावत गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। 22 अगस्त को उसे ऑपरेशन के लिए एसटीएच में भर्ती कराया गया था। इलाज के लिए श्याम सिंह बैग में 25 हजार रुपये नकद, बेटे का स्कूल सर्टिफिकेट, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज रखे थे। रविवार तड़के जब वह वार्ड में सोए हुए थे, तभी चोर बैग उड़ा ले गए।

चोरी की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल के भीतर और बाहर लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। चौकी प्रभारी मेडिकल बीएस मेहता ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: बेटियों ने निभाया पुत्र का धर्म, नम आंखों से पिता को दी मुखाग्नि; हादसे के गम में डूबा परिवार

श्याम सिंह का कहना है कि यह सिर्फ पैसों का मामला नहीं है, बल्कि उनके बेटे के जरूरी कागजात भी चोरी हो गए हैं। बेटे के इलाज के लिए उन्होंने बड़ी मुश्किल से पैसे जुटाए थे।


सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

एसटीएच में इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था कटघरे में खड़ी हो गई है। आईजी कुमाऊं ने दो दिन पहले ही अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक कर पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे, लेकिन शातिरों ने चोरी कर पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली।