आटा चक्की से राष्ट्रपति भवन तक का सफर… एक कमरे से शुरू हुई जिंदगी ने हासिल किया देश का सर्वोच्च सम्मान, पति के संघर्ष की कहानी सुनाते हुए भावुक हुईं उर्वशी बाली

खबर शेयर करें -

कभी ठंडा खाना, गिने-चुने कपड़े और साधारण कीपैड फोन ही थी जिंदगी की पहचान, आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों सम्मान मिलने पर छलक उठा 25 वर्षों के संघर्ष का गर्व

उर्वशी दत्त बाली ने साझा किया पति दीपक बाली के जीवन का अनकहा सफर, बोलीं– महंगे ब्रांडों के पीछे नहीं भागे, अपनी मेहनत और ईमानदारी से खुद एक ब्रांड बन गए दीपक

राजू अनेजा,काशीपुर। एक छोटी सी आटा चक्की, रहने के लिए महज एक कमरा और आंखों में बड़े सपने… कभी जिंदगी की शुरुआत इतनी साधारण परिस्थितियों से हुई थी कि शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि एक दिन यही सफर राष्ट्रपति भवन तक पहुंचेगा। लेकिन मेहनत, संघर्ष, ईमानदारी और अपने संकल्प के दम पर दीपक बाली ने वह मुकाम हासिल किया, जहां देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों उन्हें सम्मानित होने का गौरव प्राप्त हुआ।

इस उपलब्धि पर उनकी पत्नी उर्वशी दत्त बाली ने भावुक अंदाज में पति के 25 वर्षों के संघर्ष की ऐसी कहानी साझा की है, जो सिर्फ एक सम्मान की कहानी नहीं, बल्कि अभावों से उपलब्धियों तक पहुंचने वाले एक इंसान की जीवन यात्रा को बयां करती है।

उर्वशी बाली ने लिखा कि दीपक के साथ जीवन के 25 वर्षों में उन्होंने उनके संघर्ष के हर दौर को बेहद करीब से देखा है। एक साधारण परिवार से निकले दीपक के पास न कोई बड़ा राजनीतिक परिवार था और न ही कोई ऐसा मजबूत पारिवारिक आधार, जिसके सहारे वह आगे बढ़ते। उन्होंने अपनी जिंदगी की शुरुआत एक छोटी सी आटा चक्की चलाने से की। एक कमरे के घर से शुरू हुआ यह सफर आज राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करने तक पहुंच गया है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल: कैंची धाम के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिरी बरेली के पर्यटकों की कार; चालक की मौत, चार युवक गंभीर रूप से घायल

उन्होंने बताया कि दीपक की जिंदगी में सुविधाओं से ज्यादा महत्व हमेशा काम, समय और जुबान का रहा। दिन-रात की मेहनत, कई बार ठंडा खाना, गिने-चुने कपड़े और सीमित संसाधनों के बीच भी उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। उनकी सबसे बड़ी पूंजी उनकी मेहनत, ईमानदारी और किसी काम को ठान लेने के बाद उसे पूरा करने की जिद रही।

न महंगी गाड़ियों का शौक, न ब्रांडेड कपड़ों का मोह

उर्वशी बाली ने दीपक की सादगी के कई ऐसे पहलुओं का जिक्र किया, जिन्हें जानकर लोग हैरान हो सकते हैं। उनका कहना है कि आज भी दीपक को महंगी गाड़ियों, ब्रांडेड कपड़ों और दिखावे की दुनिया से कोई खास लगाव नहीं है। वह किसी भी सामान्य गाड़ी में बैठकर निकल जाते हैं। जरूरत पड़े तो दोपहिया वाहन पर भी सफर करने में उन्हें कोई संकोच नहीं होता। सड़क किनारे किसी छोटे ढाबे पर खाना हो या चाय की दुकान पर बैठकर बड़ी बिजनेस मीटिंग करनी हो, उनके लिए जगह की भव्यता कभी मायने नहीं रखती।

उनका मानना है कि ताकत महंगे होटल, कपड़ों या गाड़ियों में नहीं, बल्कि इंसान के विजन और नॉलेज में होती है। सामने वाले को यह पता होना चाहिए कि आपके पास सोच कितनी स्पष्ट है और आप अपने लक्ष्य को लेकर कितने गंभीर हैं।

कीपैड फोन से था प्यार, पत्नी ने जन्मदिन पर दिया स्मार्टफोन

उर्वशी ने एक दिलचस्प प्रसंग साझा करते हुए बताया कि चार-पांच साल पहले तक दीपक बेहद सामान्य कीपैड फोन इस्तेमाल करते थे। उनका मानना था कि फोन का काम केवल बात करना और सुनना है, तो फिर महंगे फोन पर पैसा क्यों खर्च किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  जहां महापौर की साख गिराने की हो रही थी साजिश, वहां राष्ट्रपति से सम्मानित होकर दीपक बाली ने दिया विरोधियों को करारा जवाब!

जब कामकाज में व्हाट्सऐप और स्मार्टफोन की जरूरत बढ़ी तो उर्वशी ने उनके 45वें जन्मदिन पर बहाने से उन्हें स्मार्टफोन और एक अच्छी घड़ी उपहार में दी। उनका कहना है कि यदि वह जिद नहीं करतीं तो शायद दीपक आज भी उसी कीपैड फोन से काम चला रहे होते। उनकी पुरानी घड़ी भी करीब 34 साल पुरानी थी। पहनावे का हाल भी कुछ ऐसा ही है। पांच-छह जोड़ी कपड़े, एक जोड़ी जूते और सादगी भरा रहन-सहन ही उनकी पहचान है।

राजनीति को सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम बनाया

उर्वशी बाली के मुताबिक उनका परिवार कभी किसी राजनीतिक घराने से नहीं रहा। इसके बावजूद जब दीपक बाली राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आए तो उन्होंने इसे केवल पद और सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं माना, बल्कि जरूरतमंदों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान का जरिया बनाया।

उन्होंने बताया कि वह और उनकी बेटी मुद्रा कई बार आम लोगों की तरह ई-रिक्शा से शहर में निकलती हैं। इस दौरान दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और आम नागरिकों से दीपक के कामकाज के बारे में बातचीत करती हैं। लोगों से उनके काम और व्यवहार को लेकर मिलने वाली प्रतिक्रियाएं उन्हें भावुक कर देती हैं।

उर्वशी ने नगर निगम का एक भावुक दृश्य भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब बुजुर्ग और जरूरतमंद लोग अपनी समस्याएं लेकर निगम पहुंचते हैं और काम होने के बाद खुशी के आंसुओं के साथ दुआएं देकर लौटते हैं, तो यह देखकर उनका सीना गर्व से भर जाता है।

यह भी पढ़ें 👉  पटाखे दिलाने के बहाने 8 साल की मासूम को झाड़ियों में ले गया युवक, दुष्कर्म का आरोप

पति ही नहीं, एक संघर्षशील इंसान के सफर की साक्षी हूं

एक समाजसेविका और डी बाली कंपनी की डायरेक्टर के रूप में समाज के विभिन्न वर्गों से मिलने वाली उर्वशी दत्त बाली का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में अनेक तरह के लोगों को करीब से देखा है, लेकिन दीपक की सादगी, ईमानदारी और जमीन से जुड़ाव उनके लिए हमेशा खास रहा है।

उन्होंने कहा कि दीपक ने जीवन में कारोबार भी किया और संघर्ष के अनेक दौर देखे, लेकिन कभी ऐशो-आराम और लग्जरी को अपनी प्राथमिकता नहीं बनाया। आज जब दुनिया महंगे ब्रांडों के पीछे भाग रही है, तब दीपक ने साधारण और नॉन-ब्रांडेड चीजों के बीच रहकर अपनी मेहनत, सेवा और ईमानदारी से खुद को एक ब्रांड बनाया है।

उर्वशी ने अपनी बेटी मुद्रा और पूरे परिवार की ओर से इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दीपक इसी तरह सच्चाई, सकारात्मक सोच और सेवा के रास्ते पर आगे बढ़ते रहें।

आटा चक्की से शुरू होकर राष्ट्रपति भवन तक पहुंचे इस सफर को उर्वशी ने केवल अपने पति की उपलब्धि नहीं, बल्कि 25 वर्षों के संघर्ष, धैर्य और विश्वास की जीत बताया है। उनका संदेश साफ है कि इंसान की पहचान उसके कपड़ों, गाड़ियों और महंगे शौक से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से बनती है।