प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंची युवती, सेना में भर्ती होते शादी से मुकर गया था प्रेमी

खबर शेयर करें -

जनपद में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। रामपुर गांव में एक लड़की गाजे-बाजे के साथ बारात लेकर प्रेमी के घर पहुंच गई। लड़की का आरोप है कि उनके बीच पिछले एक साल से प्रेम सम्‍बन्‍ध बना हुआ था लेकिन सेना में नौकरी पाने के बाद लड़के का मन बदल गया और उसने शादी से इनकार कर दिया।

प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंची युवती ने लड़के वालों के सामने शर्त रख दी कि तुरंत शादी नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेगी, जिसके बाद वहां अफरातफरी मच गई।

प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंची युवती ने बताया कि उसके प्रेमी की दो दिन बाद दूसरी लड़की से शादी भी होने वाली है। इस बात की भनक लगी तो वह बुधवार को गाजे-बाजे के साथ अपने परिवारवालों को लेकर लड़के के घर पहुंच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस लड़के और लड़की के साथ दोनों पक्ष के लोगों को थाने ले आई। अब दोनों ओर से सुलह की कोशिशें हो रही हैं। इसके पहले पुलिस ने युवती को लाकडाउन का हवाला देकर मनाने की कोशिश की। लेकिन उसने शर्त रखी कि युवक को बुलाया जाए नहीं तो वह आत्महत्या कर लेगी।
यह भी पढ़े 👉 मकान मालिक ने किया मजदूर की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म, गिरफ्तार
दर्ज हो चुका है रेप का केस
एक साल पहले लड़की ने लड़के के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। उसका कोर्ट में मामला चल रहा है। लड़की का कहना है कि लड़के की नौकरी सेना में लगने के बाद से ही वह शादी करने से मुकर गया। अब लड़के की दो दिन बाद शादी होने वाली है।
दो अन्य लड़कियों से कर चुका है शादी
लड़की ने यह भी आरोप लगाया कि लड़का दो अन्य लड़कियों से भी मंदिर में शादी कर उनकी जिंदगी खराब कर चुका है। वहीं मामले में एसएचओ संतोष कुमार अवस्थी का कहना है मामले में पहले से ही केस दर्ज है। मामला अदालत में है। लड़की और लड़के के पक्ष को समझा बुझाकर कोई रास्‍ता निकालने की कोशिश की जा रही है।