इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित 11 नवंबर को भाईदूज के अवकाश का आदेश फर्जी; शासन ने किया खंडन, आरोपी पर होगी विधिक कार्रवाई

देहरादून। शासन ने 11 नवंबर को भाईदूज के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने संबंधी इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर प्रसारित हो रहे आदेश को पूरी तरह फर्जी और निराधार बताया है। शासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि इस दिन अवकाश घोषित करने को लेकर कोई भी आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
फर्जी आदेश का खंडन जारी करने के निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक को एक पत्र जारी किया है। पत्र के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में इस फर्जी आदेश का तत्काल खंडन प्रसारित किया जाए, ताकि आम जनता और कर्मचारियों में किसी प्रकार का भ्रम न फैले।
महानवमी की अधिसूचना में की गई कूटरचना (टैंपरिंग)
शासन द्वारा जारी पत्र में खुलासा किया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गत 19 अक्टूबर को ‘महानवमी’ के अवकाश के लिए जारी शासन की मूल अधिसूचना में जालसाजी व कूटरचना (टैंपरिंग) की गई। शातिर व्यक्ति ने उसमें संशोधन कर 11 नवंबर को भाईदूज का अवकाश घोषित होने का फर्जी आदेश तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
फर्जी आदेश बनाने वाले के खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
शासन ने इस भ्रामक खबर का कड़ा संज्ञान लेते हुए इसे पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक करार दिया है। इसके साथ ही, शासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी आदेश में हेरफेर कर इस तरह का फर्जी पत्र तैयार करने वाले और उसे प्रसारित करने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

