तीनपानी से नारीमन तिराहा तक व्यापारियों को नोटिस देने से भड़के व्यापारी, विभाग की कार्यशैली पर उठाये सवाल
तीनपानी से नारीमन तिराहा काठगोदाम तक व्यापारियों को नोटिस देने से भड़के व्यापारियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। उन्होंने लोनिवि अधिशासी अभियंता (ईई) का घेराव करते हुए विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाये। साथ ही हल्द्वानी बंद की चेतावनी दी।
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले दर्जनों व्यापारी तिकोनिया लोनिवि कार्यालय पहुंचे। जहां नोटिस को लेकर व्यापारियों की अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी से तीखी बहस भी हुई। व्यापारियों ने नोटिस को नियम विरुद्ध बताते हुए भय का माहौल पैदा करने की सोची समझी साजिश बताया। उन्होंने कहा कि तीनपानी से नारीमन तिराहा मुख्य मार्ग में जो दुकानें बनी हैं सब वैध हैं। इसके बावजूद व्यापारियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
व्यापारियों ने कहा कि अगर विभाग ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो वह हल्द्वानी बंद करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। घेराव करने वालों में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्सवान, केंद्रीय सह संयोजक देवेश अग्रवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पूरन लाल साह, प्रदेश सचिव राजीव अग्रवाल, प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, पार्षद राजेंद्र मुन्ना, नुसरत सिद्दकी, जितेंद्र अरोरा, चमन गुप्ता, रामप्रसाद कश्यप, मोहित सडाना, सन्नी बिरमानी, देवेंद्र कोहली, अविनाश बेलवाल, संजीव आनंद, शमसाद अहमद, संजय वर्मा शामिल रहे।
सभी नोटिस लिए जायेंगे वापस : चौधरी
हल्द्वानी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने बताया कि व्यापारियों को भेजे गये नोटिस वापस लिये जायेंगे। इस संबंध में मंगलवार को आदेश जारी कर दिया गया है। करीब 900 व्यापारियों को नोटिस भेजे गये थे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें