
राजू अनेजा,काशीपुर।शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। अलग-अलग स्थानों पर हुई दो चोरी की घटनाओं में चोर लाखों रुपये का सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। एक ओर रामनगर रोड पर दीवार काटकर बड़ी चोरी को अंजाम दिया गया, वहीं दूसरी ओर बाजपुर रोड पर हाईवे किनारे खड़े एक ठेले से नकदी और सामान चोरी कर लिया गया।
पहली घटना रामनगर रोड स्थित एसबीआई कृषि विकास शाखा के पास की है। मोहल्ला लक्ष्मीपुर पट्टी निवासी मोनिश सैफी पुत्र मोहम्मद दीन की ‘टू टाइल्स गैलरी’ नामक दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। पीड़ित के अनुसार बुधवार को साप्ताहिक बंदी के कारण वह शाम करीब चार बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे।
गुरुवार सुबह करीब दस बजे जब वह दुकान पहुंचे तो अंदर का नजारा देख सन्न रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और कई वॉश बेसिन व लैट्रिन सीट टूटी हुई थीं। चोरों ने रेलवे ट्रैक की ओर बने वॉशरूम की दीवार काटकर पहले अंदर प्रवेश किया और फिर दुकान के भीतर की एक और दीवार तोड़ दी। इसके बाद ब्रांडेड कंपनी के नल, टोटियां, डाइवर्टर और मिक्सचर सहित करीब छह से सात लाख रुपये का सामान और लगभग 1500 रुपये नकद चोरी कर ले गए।
सूचना मिलने पर डायल 112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी/सीओ दीपक सिंह और कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी के खुलासे के लिए टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, दूसरी घटना बाजपुर रोड की है। मोहल्ला जसपुर खुर्द निवासी भूरा, जो हाईवे किनारे चाय व बीड़ी-सिगरेट का ठेला लगाता है, के ठेले से रात में चोरी हो गई। बताया गया कि भूरा ठेले में ही सो रहा था, इसी दौरान चोर नकदी से भरा गल्ला और अन्य सामान उठा ले गए। पीड़ित ने बताया कि इससे पहले भी उसके ठेले से चोरी हो चुकी है।
पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है, लेकिन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत और आक्रोश है।


