चूल्हे पर रोटी और फंदे पर लाश- खाना बनाते हुए आई पत्नी की याद तो लगा ली फांसी, इस वजह से मायके चली गई थी बीवी
कहते हैं कि चिंता चिता के समान होती है, यह जब इंसान को घेरती है तो उसका जीना दूभर हो जाता है। कुछ ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले से सामने आया है, जहां एक युवक ने पत्नी की याद में अपनी जीवन लीला ही समाप्त कर ली।
चूल्हे में तवा और तीन चपातियां रखी थीं, आटा गूंथा हुआ था। ऐसा लग रहा था कि चपाती बनाने के बीच वह चिंतित हो गया और फंदा लगा लिया।
जानकारी के मुताबिक, घाटमपुर के जहांगीराबाद में घर में अकेले रह रहे एक युवक ने गुरुवार रात फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। आस-पड़ोस के लोग दीवार फांदकर अंदर पहुंचे तो उसका शव पंखे पर फंदे पर लटका मिला। नीचे रखे गैस चूल्हे में तवा और तीन चपातियां रखी थीं। युवक की पत्नी करीब दो साल से मायके में रह रही है।
दहेज प्रताड़ना का मुकदमा है दर्ज
गांव निवासी रामखिलावन ट्रक चलाता था। उसकी पत्नी प्रियंका अपने दो बेटों देवांश और अंश को लेकर दो साल पहले मायके गुजेला चली गई थी। मई 2022 में रामखिलावन पर दहेज प्रताड़ना का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसके बाद अक्टूबर 2022 में पति-पत्नी के बीच अलग-अलग रहने को लेकर समझौता हो गया। रामखिलावन अकेले ही गांव में रहता था।
सुबह घर से बाहर निकला तो पहुंचे पड़ोसी
गुरुवार रात वह घर लौटा और शुक्रवार को सुबह जब काफी देर तक नहीं निकला तो पड़ोसी बुलाने पहुंचे। दरवाजा बंद होने पर दीवार फांदकर लोग अंदर पहुंचे तो उसका शव लटका मिला। सूचना पर पुलिस भी पहुंची।
घर पर गैस चूल्हे में तवा और तीन चपातियां रखी थीं, आटा गूंथा हुआ था। ऐसा लग रहा था कि चपाती बनाने के बीच में ही उसने फंदा लगा लिया। रामखिलावन पांच भाइयों में सबसे छोटा था। सभी भाई अपने परिवार समेत अलग-अलग रहते हैं। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।












अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें