यूकेडी पार्टी के दो गुटों के बीच जबरदस्त हंगामा, जमकर हुई मारपीट ! पुलिस ने खाली कराया कार्यालय
देहरादून : उत्तराखंड क्रांति दल में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। सोमवार को पार्टी के मुख्यालय में दो गुटों के बीच जमकर हंगामा हो गया। बात मारपीट और धक्का मुक्की तक पहुंच गई, जिसके बाद भारी पुलिस फोर्स को मामला सुलझाना पड़ा। आरोप है कि एक गुट बाहरी लोगों के दबाव में पार्टी पर अपना कब्जा करना चाहता है, जिसके विरोध में पुराने कार्यकर्ता लामबद्ध हुए।
जानकारी के मुताबिक पार्टी प्रवक्ता शिव प्रसाद सेमवाल ने पार्टी का खुला अधिवेशन बुलाया था, लेकिन इस बात से पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ता नाराज हो गए। इसी के चलते दो गुटों में जमकर बवाल हो गया। एक गुट पहले से ही दफ्तर में मौजूद था। जबकि दूसरे गुट ने पार्टी के चाहरदीवारी लांघकर दफ्तर में प्रवेश किया। दोनों खेमों ने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे की खबर मिलते ही मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंचा। लोगों को शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों गुटों के लोगों का हंगामा जारी रहा।
तीन दिन पूर्व शनिवार को ही दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने शिव प्रसाद सेमवाल को केंद्रीय मीडिया प्रभारी के पद से हटाकर छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया था।
विवाद को देखते हुए कार्यालय के बाहर पीएसी को तैनात कर दिया गया है। शिव प्रसाद सेमवाल व जयप्रकाश उपाध्याय गुट में पिछले करीब एक माह से दल के द्विवार्षिक अधिवेशन को लेकर खींचतान चल रही थी। सेमवाल के दल से निष्कासित होने के बावजूद उनके समर्थक गुट ने सोमवार को दल का द्विवार्षिक अधिवेशन कराने का कार्यक्रम सुनिश्चित किया था।
यूकेडी के केंद्रीय शांति भट्ट प्रसाद भट्ट ने कहा कि पार्टी में नए नए आए कुछ लोग किसी बाहरी व्यक्ति के इशारे पर पहाड़ की आवाज तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें आते ही पार्टी में पद दिया गया, टिकट दिया, वह व्यक्ति अध्यक्ष बनकर पार्टी पर कब्जा करने की चाहत रखने लगा। इसलिए पार्टी ने उनको बाहर भी कर दिया। यूकेडी के लोग ऐसी किसी भी मंशा को पूरा नहीं होने देंगे।
दुर्भाग्य है कि उक्रांद कार्यकर्ता आपस में भिड़ रहे हैं। यह घटना नहीं होनी चाहिए थी। जिन पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को निष्कासित किया गया था, उनका निष्कासन वापस ले लिया गया है। दल का अधिवेशन 18-19 नवंबर को गैरसैंण में ही होगा। – काशी सिंह ऐरी, केंद्रीय अध्यक्ष, उक्रांद
हम केवल अधिवेशन करा रहे थे, दूसरे गुट ने विवाद खड़ा किया। विवाद के बाद केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी से फोन पर वार्ता हुई है। उन्होंने निष्कासन वापस ले लिया है। सोमवार को कार्यालय में दल का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। – शिव प्रसाद सेमवाल, केंद्रीय मीडिया प्रभारी












अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें