केंद्रीय मंत्री के आवास पर भाजपा कार्यकर्ता के मर्डर से पहले क्या हुआ था? CCTV और फोन से क्या मिला

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के आवास पर भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव के मर्डर केस में सीसीटीवी फुटेज और फोन पर हुई बातचीत के बारे में छोटे भाई के बयान से नए खुलासे सामने आए हैं।
ठाकुरगंज के फरीदीपुर इलाके में स्थित केंद्रीय मंत्री के आवास पर 31 अगस्त की देर रात या अगली सुबह 4 बजकर 7 मिनट तक विनय श्रीवास्तव जिंदा था। सीसीटीवी फुटेज में इसकी पुष्टि हुई है। वहीं विनय के छोटे भाई ने फोन पर बातचीत के बारे में बताया कि वहां तनावपूर्ण शोर हो रहा था।
मंत्री कौशल किशोर के आवास के सीसीटीवी फुटेज से हत्याकांड की जांच में नया मोड़
मंत्री कौशल किशोर के आवास के सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक विनय श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या की वारदात को तड़के 4:07 बजे के बाद अंजाम दिया गया था। फुटेज में दिखता है कि मौका-ए-वारदात पर विकास और विनय का दोस्त अरुण प्रताप सिंह उर्फ बंटी भी मौजूद था और विनय की हत्या के बाद उसके कई साथी इधर-उधर आवाजाही कर रहे हैं। इससे पहले पुलिस ने मामले के खुलासे का दावा करते हुए उसके तीन दोस्तों अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।


