बगैर मुखबिर के आखिर कैसे पहुंचेंगे अपराधियों के गिरेबान तक पुलिस के हाथ? आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिसिंग के बीच कमजोर पड़ता सूचना तंत्र! !

खबर शेयर करें -

कुमाऊं में कमजोर पड़ता मुखबिर तंत्र, आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस के सामने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने की चुनौती। 612 बीटों पर करीब 1500 सिपाहियों की जरूरत, एक पुलिसकर्मी के जिम्मे दो से तीन बीटों का बोझ।

राजू अनेजा,काशीपुर। पुलिस के पास आधुनिक हथियार हैं, गाड़ियां हैं, सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क है और अपराधियों पर नजर रखने के लिए बीट एप जैसी तकनीक भी है। बावजूद इसके पुलिसिंग की एक ऐसी पुरानी व्यवस्था कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है, जो कभी अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम हुआ करती थी। यह व्यवस्था है पुलिस का मुखबिर तंत्र।

सवाल यह है कि जब पुलिस के पास अपराध होने से पहले सूचना पहुंचाने वाले मुखबिर ही नहीं होंगे, तो आखिर अपराधियों की गतिविधियों का पता कैसे चलेगा? अपराध होने के बाद पुलिस की दौड़भाग शुरू होना तो आम बात है, लेकिन अपराध होने से पहले उसकी भनक लग जाना ही असल पुलिसिंग की पहचान मानी जाती है।

 

कभी मोहल्लों की नब्ज टटोलते थे मुखबिर, अब सूचना का इंतजार करती है पुलिस

एक समय था जब थानों में तैनात पुलिसकर्मियों के अपने-अपने क्षेत्र में मजबूत संपर्क हुआ करते थे। गली-मोहल्लों, बाजारों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने वाले मुखबिर पुलिस तक छोटी से छोटी जानकारी पहुंचाते थे। कौन नया चेहरा इलाके में घूम रहा है, कहां संदिग्ध लोगों का जमावड़ा है, कौन अपराध की योजना बना रहा है और कहां अवैध गतिविधियां चल रही हैं, ऐसी तमाम जानकारियां पुलिस को पहले ही मिल जाती थीं।

यह भी पढ़ें 👉  स्वाला-टनकपुर मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, गोंडा निवासी युवक की मौत; चार अन्य लोग घायल, एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

इससे पुलिस को अपराध होने से पहले ही कार्रवाई करने का अवसर मिलता था। लेकिन अब यह व्यवस्था कमजोर होने की चर्चा है। हालात ऐसे बताए जा रहे हैं कि कई मामलों में पुलिस को घटना होने के बाद ही जानकारी मिल पाती है।

 

612 बीटों पर निगरानी का जिम्मा, सिपाहियों की कमी बनी बड़ी चुनौती

कुमाऊं के 72 थानों के अंतर्गत 612 बीटें बनाई गई हैं। इन बीटों पर प्रभावी निगरानी के लिए करीब 1500 सिपाहियों की जरूरत बताई गई है। यानी प्रत्येक बीट पर नियमित निगरानी और क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी उपलब्ध होना जरूरी है। इसके उलट एक पुलिसकर्मी के जिम्मे दो से तीन बीटों का दायित्व होने की स्थिति सामने आ रही है।

ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि एक ही पुलिसकर्मी आखिर कितने इलाकों पर नियमित नजर रख पाएगा? थाने की दूसरी जिम्मेदारियां, कानून व्यवस्था, वीआईपी ड्यूटी और अन्य सरकारी कार्यों के बीच बीट पुलिसिंग को कितना समय मिल पा रहा होगा, यह भी विचारणीय है।

यह भी पढ़ें 👉  जो दशकों में कोई नहीं कर पाया, उसे धामी कैबिनेट तक पहुंचाने में दीपेंद्र ने निभाई अहम भूमिका, बिंदुखत्ता वालों को मिली बड़ी सौगात… अब 2027 पर निगाहें!

 

प्रमोशन के बाद बदल जाती है जिम्मेदारी, बीटों पर घटती जाती है सक्रियता

पुलिस व्यवस्था में सिपाहियों के प्रमोशन के बाद उनकी जिम्मेदारियां भी बदलती रहती हैं। ऐसे में कई स्थानों पर बीटों की जिम्मेदारी संभालने वाले पुराने पुलिसकर्मियों की जगह नए कर्मियों की तैनाती और क्षेत्र की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। बीटों का वास्तविक उद्देश्य सिर्फ कागजों में क्षेत्र आवंटित करना नहीं, बल्कि वहां के लोगों से संपर्क बनाए रखना और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाना है।

 

ई-बीट बुक से दर्ज हो रही जानकारी, लेकिन क्या मजबूत हो रहा है जमीनी नेटवर्क?

पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए ई-बीट बुक और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है। तकनीक से रिकॉर्ड रखने और निगरानी में मदद जरूर मिल सकती है, लेकिन सवाल यह है कि क्या मोबाइल एप और डिजिटल एंट्री उस जमीनी संपर्क की जगह ले सकते हैं, जो पुलिसकर्मी को अपने क्षेत्र की हर गतिविधि से परिचित कराता था?

आखिर तकनीक सूचना दर्ज कर सकती है, लेकिन सूचना जुटाने के लिए क्षेत्र में सक्रिय पुलिसकर्मी और भरोसेमंद सूचना तंत्र भी उतना ही जरूरी है।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: बरहनी रेंज में वन टीम और लकड़ी तस्करों के बीच भीषण मुठभेड़, दोनों ओर से चले 75 से अधिक राउंड; तीन बाइकें व सागौन की लकड़ी छोड़कर फरार हुए तस्कर

 

अपराध रोकने के लिए सिर्फ संसाधन नहीं, मजबूत सूचना तंत्र भी जरूरी

पुलिस के आधुनिकीकरण में हथियार, वाहन, सीसीटीवी और डिजिटल तकनीक की अपनी अहमियत है। लेकिन अपराध नियंत्रण की असली ताकत समय रहते मिलने वाली सूचना में छिपी होती है। यदि मुखबिर तंत्र कमजोर होगा और बीट पुलिसिंग केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगी तो पुलिस के सामने चुनौती बढ़ना स्वाभाविक है।

अब जरूरत इस बात की है कि पुलिस अधिकारी बीट व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करें, पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करें और स्थानीय स्तर पर सूचना नेटवर्क को फिर से प्रभावी बनाएं।

क्योंकि अपराधी तक पहुंचने के लिए पुलिस के हाथों में हथियार होना जितना जरूरी है, अपराध की भनक पहले लगना भी उतना ही जरूरी है। आखिर सवाल यही है कि मुखबिरों के कमजोर होते नेटवर्क और सिपाहियों पर बढ़ते काम के बोझ के बीच पुलिस अपराधियों के गिरेबान तक कैसे पहुंचेगी?

Ad