उत्तराखंड चुनाव : कोई सौ तो कोई 500 वोट से हारा, तो प्रदेश में इन्होंने सबसे बड़ी जीत भी की हासिल
उत्तराखंड में हाल ही में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए. चुनावों का परिणाम जितना रोचक था, उससे ज्यादा रोचक बात ये है कि यहां कई सीटों पर तो मुकाबला इतना कड़ा था कि कुछ सौ वोटों से ही अपने विरोधी को चित किया गया. कुछ सीटें ऐसी थीं कि हजार से भी कम वोटों के अंतर से उम्मीदवार कि किस्मत का फैसला हुआ. वहीं दो दर्जन के करीब ऐसी सीटें थी कि 10 हजार से भी कम अंतर से हार-जीत का फैसला हुआ. गौरतलब है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का परिणाम भी कम रोचक नहीं रहा. एक ओर जहां कांग्रेस के जीत के माहौल और दावों के बीच भाजपा की सरकार में बहुमत से वापसी हुई तो दूसरी ओर मौजूदा मुख्यमंत्री सरकार तो बचा ले गए लेकिन अपनी सीट हार गए. आज कुछ ऐसे ही रोचक तथ्यों पर गौर करते हैं.
कुछ सौ वोटों से पिछड़ गए प्रत्याशी
बात करें अल्मोड़ा सीट की तो यहां कांग्रेस के मनोज तिवारी ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी भाजपा के कैलाश शर्मा पर महज 127 वोटों से जीत दर्ज की. विधानसभा चुनाव 2022 में यह जीत का न्यूनतम अंतर है. इसी तरह अल्मोडा जिले की द्वाराहाट सीट पर कांग्रेस के मदन बिष्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अनिल शाही को 182 मतों से पराजित किया. जबकि पौडी जिले की श्रीनगर सीट पर धनसिंह रावत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को 587 मतों से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी. हरिद्वार जिले की मंगलौर सीट पर बसपा के सरबत करीम अंसारी ने कांग्रेस के निवर्तमान विधायक काजी निजामुद्दीन को 598 वोटों से हराया. हाल में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए किशोर उपाध्याय ने टिहरी से पूर्व पर्यटन मंत्री और उत्तराखंड जनएकता पार्टी के दिनेश धनै को 951 मतों से पराजित किया.
सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड

सबसे कम वोटों के अंतर से जीत के बाद बात करते हैं सबसे बड़ी जीत की. देहरादून जिले के रायपुर सीट से भाजपा के उमेश शर्मा काउ ने इस चुनाव में सबसे बड़ी जीत हासिल की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के हीरा सिंह बिष्ट को 30,052 मतों के अंतर से हरा कर ना सिर्फ अपनी सीट बरकरार रखी बल्कि प्रदेश में सबसे बड़ी जीत भी हासिल की है. पिछले विधानसभा चुनावों में भी काउ ने 36,000 मतों के अंतर से प्रदेश में सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल की.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

