उत्‍तराखंड प्रभारी दुष्‍यंत गौतम ने दिया विवादित बयान, लड़कियां छेड़ने मंदिर में जाते हैं कांग्रेसी

खबर शेयर करें -

भाजपा के राष्‍ट्रीय महामंत्री और उत्‍तराखंड प्रभारी दुष्‍यंत गौतम ने विवादित बयान दिया है, जिसने तूल पकड़ लिया है।

दुष्‍यंत गौतम ने देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि कांग्रेसी लड़कियां छेड़ने के लिए मंदिर में जाते हैं। जिसके बाद से उत्‍तराखंड के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।

उत्‍तराखंड के राजनीतिक गलियारों में हलचल

इससे कांग्रेस को बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया और उसने इसे लपकने में देर भी नहीं लगाई। अब वह भाजपा के प्रति मुखर है। अब कांग्रेस बुधवार को इस मामले पर प्रेस वार्ता करने वाली है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि ऐसा कहने से पहले भाजपा को अपने अंदर झांकना चाहिए। उन्होंने गौतम के बयान की निंदा करते हुए इसे भाजपा की सोच करार दिया।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम के दौरे के दूसरे दिन सरकार व संगठन के मध्य बेहतर तालमेल को लेकर बैठक हुई।

मुख्यमंत्री आवास में चल रही इस बैठक में गौतम के अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, सतपाल महाराज, सौरभ बहुगुणा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट मीटिंग, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय हैं मौजूद।

हरिद्वार में मिली जीत की लय निरंतर आगे ले जाएं कार्यकर्ता

वहीं मंगलवार को उत्तराखंड के दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने हरिद्वार के त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में मिली ऐतिहासिक सफलता के लिए प्रांतीय टीम की पीठ थपथपाई।

पार्टी के प्रांतीय पदाधिकारियों और मोर्चों अध्यक्षों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि जीत की लय को बरकरार रखते हुए इसे आगामी निकाय और लोकसभा चुनावों की ओर ले जाना है। इसके लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अभी से जुट जाए।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री गौतम ने पार्टी पदाधिकारियों का परिचय लेने के बाद हरिद्वार की जीत के लिए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की जीत का क्रम लगातार बना रहना चाहिए।

मंदिरों में आते नजर आ रहे हैं अरब शेख

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई में देश आज प्राचीन धार्मिक व सांस्कृतिक भव्यता की दिशा में बड़ी लकीर खींच रहा है।

इस कड़ी में उन्होंने केदारनाथ, उज्जैन महाकाल, काशी विश्वनाथ समेत अन्य स्थलों का उल्लेख किया। साथ ही कहा कि आज देश से बाहर सऊदी अरब जैसे देशों में अरब शेख मंदिरों में आते नजर आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमें इन गौरवशाली कार्यों और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर पर आमजन तक पहुंचाना है।

आगामी कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को बूथ स्तर पर अधिक से अधिक संख्या में सुना जाए। उन्होंने सरकार व संगठन में बेहतर तालमेल की जरूरत पर जोर दिया और जिलों के प्रभारी मंत्रियों से कहा कि वे संगठन से समन्वय बनाकर जिलों में अधिक से अधिक प्रवास करें।

अन्य सभी भावी चुनाव भी जीतेंगे हम

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हरिद्वार के बाद हम रुद्रप्रयाग जिला पंचायत अध्यक्ष के उपचुनाव समेत अन्य सभी भावी चुनाव भी जीतेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय के प्रवास के दौरान मंत्रियों, निकाय व पंचायत प्रतिनिधियों और बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के लिए बनी योजनाओं को अमल में लाया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने चुनावों में सफलता और संगठन की मजबूती के लिए पन्ना प्रमुख व बूथ स्तर की रणनीति पर कार्य करने की जरूरत बताई।

बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, महामंत्री खिलेंद्र चौधरी व राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश कार्यालय प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, कर्नल अजय कोठियाल समेत मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित थे।