एक-दूसरे का हाथ थामें चलती ट्रेन से कूद गए प्रेमी युगल, चौंक जाएंगे आगे की घटना जानकर
फिल्मों में अक्सर नायक-नायिका को ट्रेन से कूदते आपने देखा होगा। लेकिन छपरा के दाउदनगर में लोगों को रील नहीं रीयल लाइफ में यह नजारा दिखा। एक दूजे के लिए जीने मरने की कसम खाने वाले प्रेमी युगल एक-दूसरे का हाथ थामें चलती ट्रेन से कूद गए। यह देखकर लोग हैरान रह गए। कूदने के बाद दोनों भागने लगे। इसके बाद मामला संदिग्ध समझ स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों को दाउदपुर थाने को सौंप दिया। तब यह बात सामने आई कि दोनों सीतामढ़ी के हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

लिच्छवी एक्सप्रेस से कूद गए युवक-युवती
घटना पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-सिवान रेलखंड के दाउदपुर पूर्वी दुमदुमा ढाला 61 सी के पास का है। स्थानीय लोगों के अनुसार अप लिच्छवी ट्रेन छपरा से खुलकर सिवान जा रही थी। ट्रेन रफ्तार पकड़ रही थी तभी दाउदपुर पूर्वी रेल ढाला के समीप युवक-युवती एक-दूसरे का हाथ थामें ट्रेन से कूद गए। दोनों को कूदता देख हड़कंप मच गया। आसपास के लोग दौड़े। ट्रेन के यात्री भी झांकने लगे। लेकिन संयोग था कि ट्रेन से कूदने के बावजूद दोनों ठीक थे। उन्हें खरोंच तक नहीं आई थी।
स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को दी सूचना
ट्रेन से कूद प्रेमी युगल इसके बाद दोनों वहां से भागने की फिराक में थे। लेकिन वहां जुटे लोगों ने दोनों को पकड़कर ढाला पर बिठाया। पूछताछ की तो दोनों कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे थे। उनके चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थी। तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। स्थानीय थाने से पहुंचे अधिकारी दोनों को थाने ले जाए। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों प्रेमी युगल जोड़ी सीतामढ़ी जिला के चोराव गांव के हैं। दोनों के बताए गए पते पर पुलिस तहकीकात कर रही है। प्रेमी युगल के स्वजन को फिलहाल सूचना दे दी गई है। पुलिस उनके ट्रेन से कूदने के कारणों का पता लगा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


