काशीपुर को गंदगी के हवाले करने वालों पर दीपक बाली का महाप्रहार, पार्षदों ने भी संभाला मोर्चा; अब ठेका निरस्त कर नए ठेके की तैयारी!

खबर शेयर करें -

दिवाली पर सफाई व्यवस्था बिगड़ने और पर्यावरण मित्रों को वेतन-बोनस न मिलने पर एमएसएमडब्ल्यू कंपनी के खिलाफ पार्षद लामबंद, बोर्ड बैठक में ठेका निरस्तीकरण का प्रस्ताव लाने का ऐलान

राजू अनेजा,काशीपुर। दीपावली पर शहर की सड़कों और चौराहों पर लगे कूड़े के ढेर ने सफाई व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी। त्योहार के दिन पर्यावरण मित्रों के विरोध प्रदर्शन से शहर की सूरत बिगड़ने के बाद अब इस पूरे मामले में नगर निगम का रुख सख्त होता दिखाई दे रहा है। महापौर दीपक बाली ने जहां एमएसएमडब्ल्यू कंपनी का ठेका निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करा दी है, वहीं अब नगर निगम के पार्षद भी उनके समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। पार्षदों ने एकजुट होकर कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बोर्ड बैठक में ठेका निरस्त करने का प्रस्ताव लाने की घोषणा की है। साथ ही सफाई व्यवस्था के लिए नई निविदाएं आमंत्रित करने की कार्रवाई भी शुरू हो गई है।

नगर निगम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्षदों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि पर्यावरण मित्रों को दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर वेतन और बोनस नहीं देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्मचारियों की नाराजगी का खामियाजा पूरे शहर को भुगतना पड़ा और कूड़े के ढेरों के कारण काशीपुर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हुई। पार्षदों ने साफ कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और शहर की सफाई व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाली किसी भी कंपनी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

दिवाली पर कूड़े के ढेर से बिगड़ी शहर की सूरत

गौरतलब है कि बीती 8 नवंबर को दीपावली के दिन वेतन न मिलने से नाराज पर्यावरण मित्रों ने महाराणा प्रताप चौक समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़ा डालकर विरोध प्रदर्शन किया था। त्योहार के दिन प्रमुख चौराहों और सड़कों पर कूड़े के ढेर लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस घटनाक्रम ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए।

यह भी पढ़ें 👉  खटीमा: 20 वर्षीय युवक की गला घोंटकर हत्या; दोस्त ने वारदात के बाद गटर में छिपाया शव, 600 रुपये और नाड़ा बरामद

मामले की जानकारी मिलते ही महापौर दीपक बाली मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कंपनी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। महापौर ने स्पष्ट किया था कि पर्यावरण मित्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर की सफाई व्यवस्था से समझौता नहीं होगा। इसके बाद कंपनी की ओर से कर्मचारियों के खातों में वेतन की धनराशि भेजी गई, लेकिन महापौर ने मामले को केवल वेतन भुगतान तक सीमित नहीं रखा और ठेका निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करा दी।

नगर निगम से भुगतान मिला तो कर्मचारियों का वेतन क्यों रोका?

प्रेस वार्ता में पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा कंपनी को चेक के माध्यम से भुगतान किया जा चुका था, इसके बावजूद पर्यावरण मित्रों को दीपावली पर वेतन और बोनस नहीं दिया गया। पार्षदों के अनुसार, कंपनी नगर निगम और महापौर पर भुगतान नहीं करने के आरोप लगा रही है, जबकि अनुबंध के अनुसार संबंधित बिल प्रस्तुत किए जाने के बाद ही भुगतान किया जाना है।

पार्षदों ने बताया कि कंपनी ने सितंबर माह का बिल प्रस्तुत किया था, जबकि अक्टूबर माह का बिल निगम को नहीं दिया गया। इसके बावजूद निगम ने नियमानुसार भुगतान किया। ऐसे में कर्मचारियों को समय पर वेतन देना कंपनी की जिम्मेदारी थी। पार्षदों ने पूरे प्रकरण की जांच कर कंपनी की जवाबदेही तय करने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं: मोटाहल्दू बाइपास पर बिजली के पोल से टकराई बाइक; हादसे में अल्मोड़ा निवासी 22 वर्षीय युवक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

20 साल का ठेका, अब निरस्तीकरण की मांग पर एकजुट हुए पार्षद

एमएसएमडब्ल्यू कंपनी को वर्ष 2024 में तत्कालीन प्रशासक मंडल के कार्यकाल में आगामी 20 वर्षों के लिए कूड़ा निस्तारण का ठेका दिया गया था। पार्षदों ने इतने लंबे समय के अनुबंध पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि उस समय वर्तमान नगर निगम बोर्ड अस्तित्व में नहीं था। अब कंपनी की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विवादों को देखते हुए अनुबंध की समीक्षा और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

पार्षदों ने कहा कि पर्यावरण मित्र नगर निगम के अभिन्न अंग हैं। वे शहर की स्वच्छता व्यवस्था के हाथ-पांव हैं। ऐसे कर्मचारियों को त्योहार के अवसर पर वेतन और बोनस के लिए परेशान होना पड़े, यह किसी भी सूरत में उचित नहीं है।

महापौर के समर्थन में पार्षदों की एकजुटता, छवि पर सवाल उठाने वालों को भी दिया जवाब

प्रेस वार्ता में पार्षदों ने कहा कि सभी 40 पार्षद महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में शहर के विकास के लिए काम कर रहे हैं। सात फरवरी 2025 को शपथ ग्रहण के बाद से नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना भेदभाव विकास कार्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा महापौर की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि पर्यावरण मित्रों के वेतन भुगतान का मामला कंपनी की जिम्मेदारी से जुड़ा है और इसके लिए महापौर अथवा नगर निगम को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता और कर्मचारियों के सम्मान के मुद्दे पर सभी पार्षद एकजुट हैं।

अब बोर्ड बैठक में होगा आर-पार का फैसला, नई कंपनी के लिए खुलेंगे रास्ते

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: फतेहपुर की भाखड़ा नदी में मिली सैकड़ों मरी हुई मुर्गियां; बर्ड फ्लू और संक्रमण फैलने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत

पार्षदों ने घोषणा की कि शीघ्र ही महापौर से नगर निगम बोर्ड की बैठक बुलाने का अनुरोध किया जाएगा। बैठक में एमएसएमडब्ल्यू कंपनी का ठेका निरस्त करने संबंधी प्रस्ताव लाया जाएगा। पार्षदों ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और भविष्य में कूड़ा निस्तारण की जिम्मेदारी ऐसी संस्था को सौंपी जाए, जो कर्मचारियों के वेतन और उनके हितों को प्राथमिकता देने के साथ शहर की सफाई व्यवस्था को भी बेहतर बनाए रखे।

महापौर की ओर से ठेका निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू किए जाने और पार्षदों की ओर से बोर्ड बैठक में प्रस्ताव लाने की घोषणा के बाद अब काशीपुर की सफाई व्यवस्था में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि ठेका निरस्त करने का अंतिम निर्णय निर्धारित प्रशासनिक और संविदात्मक प्रक्रिया के बाद ही होगा।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

नगर निगम सभागार में हुई प्रेस वार्ता में सीमा सागर, गुंजन प्रजापति, मनोज जग्गा, पुष्कर बिष्ट, दीपा पाठक, शाह आलम, प्रिंस बाली, घनश्याम सैनी, बीना नेगी, अशोक सैनी, सतीश कुमार, सुरेश सैनी, रवि प्रजापति, अनूप प्रताप सिंह, विजय बॉबी, अनिल कुमार, मयंक मेहता, संजय शर्मा और मोनिष सहित अन्य मौजूद रहे। पार्षद पति सादिक हुसैन, पूर्व पार्षद देव प्रजापति और हनीफ गुड्डू भी उपस्थित रहे। कुछ पार्षद नगर से बाहर होने के कारण नहीं पहुंच सके, जबकि पार्षद अब्दुल कादिर अस्पताल में भर्ती होने के कारण प्रेस वार्ता में शामिल नहीं