झुकूंगा नहीं, अपना टाइम आएगा…राउत की गिरफ्तारी पर उद्धव ने किया बदले का ऐलान
संजय राउत की गिरफ्तारी पर उद्धव ठाकरे सोमवार को आक्रामक अंदाज में दिखे। अपने सहयोगी संजय राउत के परिजनों से मुलाकात के बाद उद्धव ठाकरे ने मीडिया से बात की और भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि एक दिन हमारा टाइम भी आएगा। उद्धव ठाकरे ने कहा कि वक्त हमेशा बदलता रहता है। जब हमारा वक्त आएगा तो सोचिए कि आपका क्या होगा। आज की राजनीति बल से चल रही है। भाजपा चाहती है कि राज्यों में पार्टियां खत्म हो जाएं। अब महाराष्ट्र की जनता ही फैसला करेगी। सरकार के खिलाफ बोलने वालों पर बल प्रयोग किया जा रहा है।
पुष्पा मूवी का जिक्र कर बोले- झुकूंगा नहीं

कुछ लोग हवा में चले गए, असली शिवसैनिक झुकने वाले नहीं
शिवसेना प्रमुख ने कहा कि हम मराठी में राजनीति को शतरंज कहते रहे हैं यानी इसमें बुद्धि का इस्तेमाल होता है। लेकिन अब इसमें बल का इस्तेमाल हो रहा है। जमाना हमेशा एक सा नहीं होता है। ऐसे लोगों के बुरे दिन जरूर आते हैं। आप अच्छे दिनों कैसे बर्ताव करते हैं, उससे भी बुरा व्यवहार जनता आपके साथ कर सकती है। यदि आप ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के जरिए विपक्ष से लड़ते हैं तो फिर लोकतंत्र कहां रहा। जो मेरे साथ हैं, वे लोग दगाबाजी नहीं कर सकते हैं। कुछ लोग हवा में चले गए हैं। इस तरह से झुकने वाले लोग शिवसैनिक नहीं हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ बोलने पर हमें मिटाने की कोशिश हो रही है। यह घटिया राजनीति चल रही है। संजय राउत की गिरफ्तारी गलत है और हम इसके पूरी तरह खिलाफ हैं। गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे ने आज संजय राउत के घर पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की थी। इस दौरान शिवसैनिक भी बड़ी संख्या जुटे थे और नारेबाजी करते रहे।