टॉयलेट यूज करने को लेकर हुआ विवाद, दो भाइयों ने पीट-पीटकर युवक की हत्या; मृतक था गली का बदमाश

खबर शेयर करें -

 दिल्ली के अशोक विहार में सार्वजनिक शौचालय के इस्तेमाल को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहित और साहिल के रूप में हुई है, जो पुलिस के अनुसार भाई हैं और उसी इलाके में रहते हैं। जहां मृतक रहता था। मृतक की पहचान राजा बाबू के रूप में हुई थी।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक घटना 10 अक्टूबर की बताई जा रही है। दिल्ली के अशोक विहार के रहने वाले 21 राजा बाबू मोहल्ले में स्थित सार्वजनिक शौचालय में शौच करने गया था। इसी दौरान मोहल्ले के ही दो भाई मोहित और साहिल पहुंचे। उनके बीच टॉयलेट इस्तेमाल करने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

राजा बाबू ने सर्जिकल ब्लेड से डराने की थी कोशिश

बताया जाता है कि राजा ने दोनों भाई को डारने के लिए सर्जिकल ब्लेड निकाल ली। इस पर मामला शांत होने के बजाय बढ़ गया। साहिल और मोहित ने राजा को गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा और फरार हो गए। पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। यहां हलात गंभीर होते देख इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सिर और सीने पर आई थी चोट

पुलिस का कहना है कि “पूछताछ करने पर, यह पता चला कि मृतक का एक ही इलाके में रहने वाले दो अन्य लोगों के साथ सार्वजनिक शौचालय के उपयोग को लेकर बहस हुई थी। मारपीट के दौरान सिर और सीने पर चोटें आई थीं। जिसके कारण उसने दम तोड़ दिया।”

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच में पता चला है कि मृतक इलाके का बदमाश था। उसका आए दिन किसी ने किसी से झगड़ा होता रहता था।