देहरादून वन प्रभाग की बड़ी कार्रवाई: झाझरा रेंज में 1,015 वर्ग मीटर आरक्षित वन भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त, 18 साल पुराना अवैध निर्माण ध्वस्त
देहरादून। वन भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ देहरादून वन प्रभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झाझरा रेंज के कंडोली-1 क्षेत्र में 1,015 वर्ग मीटर आरक्षित वन भूमि को कब्जामुक्त करा लिया है। वन विभाग की टीम ने वर्ष 2006-07 से किए गए अनधिकृत निर्माण को नियमानुसार ध्वस्त कर जमीन को पुनः विभागीय कब्जे में ले लिया है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व निष्पक्षता के लिहाज से राजस्व विभाग के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।
हाईकोर्ट से विशेष अपील खारिज होने के बाद हुई कार्रवाई, डीएफओ ने दी चेतावनी
विभागीय जानकारी के अनुसार, इस भूमि को खाली कराने के आदेश 7 अगस्त 2009 को पारित हुए थे, जिसके खिलाफ अतिक्रमियों ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। नैनीताल हाईकोर्ट ने पहले सितंबर 2017 में रिट याचिका और तत्पश्चात 9 जून 2025 को विशेष अपील (संख्या 1083/2017) को भी निरस्त कर विभाग के पक्ष में फैसला सुनाया। न्यायिक आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। देहरादून के डीएफओ वैभव कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि आरक्षित वन क्षेत्र की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है और भविष्य में भी अतिक्रमण या अवैध निर्माण के खिलाफ ऐसी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

