मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन में बोले सीएम धामी: 10वीं व 12वीं के छात्रों को टैब के लिए DBT से मिलेगी राशि, 140 मेधावियों से किया सीधा संवाद
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान सीएम ने युवाओं के नवाचारी विचारों, सुझावों और ‘विकसित उत्तराखंड’ को लेकर उनके विजन को जाना। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए टैब क्रय हेतु डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सीधे उनके बैंक खातों में धनराशि भेजी जाएगी। सीएम ने कहा कि इस राज्यस्तरीय मंथन अभियान में प्रदेश के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विचार और निबंध साझा किए, जो यह दर्शाता है कि उत्तराखंड का युवा राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति बेहद जागरूक और गंभीर है।
उत्कृष्ट विचार प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित, तकनीक व स्वरोजगार से युवाओं को जोड़ने पर बल
कार्यक्रम में विभिन्न जनहितैषी व विकासपरक विषयों पर सर्वश्रेष्ठ विचार रखने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। ‘शिक्षा एवं युवा अवसर’ में मयूह भंडारी व रवीना, ‘पर्यावरण व आपदा प्रतिरोधकता’ में शेरोन कपूर, ‘स्वास्थ्य’ में सतीश कुमार, ‘पलायन व रोजगार’ में माही बलाई, ‘आधारभूत संरचना’ में श्रितिका रावत, ‘प्रौद्योगिकी व सुशासन’ में प्रियांशु सजवाण, ‘पर्यटन’ में दृष्टि चौहान और ‘महिला एवं बाल कल्याण’ में अनुष्का नेगी विजेता रहे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार युवाओं को एआई, रोबोटिक्स और आधुनिक डिजिटल कौशल से जोड़ने के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में आजीविका व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

