रानीबाग चित्राशिला घाट पर गौला नदी के तेज बहाव में बहा युवक, काठगोदाम पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान

हल्द्वानी/काठगोदाम। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के गोलापार स्थित नवाड़ खेड़ा निवासी एक युवक रानीबाग के ऐतिहासिक चित्राशिला घाट पर नहाने के दौरान गौला नदी के तेज पानी के प्रवाह में बह गया। नदी के प्रचंड वेग में बहता हुआ 32 वर्षीय युवक हरेंद्र कुमार (पुत्र नंद किशोर) किस्मत से तैरकर नदी के दूसरे छोर पर एक टापू नुमा स्थान पर फंस गया। गुरुवार को घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम कोतवाली पुलिस में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उफनती नदी के बीच फंसे युवक को बाहर निकालने के लिए त्वरित रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वरिष्ठ उप निरीक्षक की अगुवाई में चलाया गया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
काठगोदाम पुलिस की टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए नदी के बीच फंसे हरेंद्र कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की तत्परता से युवक को नई जिंदगी मिली, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया। इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, उप निरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल मोहन चंद्र जोशी और कांस्टेबल चालक दीपक कुंवर शामिल रहे।

