हल्द्वानी के टांडा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, रुद्रपुर के दो युवकों की मौत

हल्द्वानी। हल्द्वानी से रुद्रपुर हाईवे पर टांडा रोड स्थित एस-बैंड के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जिसमें तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में रुद्रपुर के रहने वाले दो युवकों की मौत हो गई। एक राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहचान और पुलिस कार्रवाई
दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान (पुत्र राजपाल सिंह चौहान, निवासी फुलसुंगी, वार्ड-1, थाना ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) और 24 वर्षीय वैभव छाबरा (पुत्र अशोक कुमार, निवासी नंद विहार कॉलोनी, गगनपुर रोड, फुलसुंगी, रुद्रपुर) के रूप में हुई है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया जांच में हादसा बाइक की अत्यधिक गति के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और मामले की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

