हल्द्वानी-कालाढूंगी सड़क होगी फोरलेन, पर्यटकों को कॉर्बेट पहुंचना होगा आसान और जाम से मिलेगी निजात

हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी की कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने हल्द्वानी से कालाढूंगी के बीच 29 किलोमीटर लंबी सड़क को टू-लेन से फोरलेन करने की कवायद शुरू कर दी है। विभागीय स्तर पर योजना को लेकर गहन मंथन जारी है, और जल्द ही सर्वे प्रक्रिया के तहत वनभूमि व निजी भूमि की पैमाइश कर भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू किया जाएगा। इस फोरलेन निर्माण से जहां कालाढूंगी और हल्द्वानी के बीच रोजाना लगने वाले जाम से स्थानीय निवासियों व यात्रियों को मुक्ति मिलेगी, वहीं हल्द्वानी के रास्ते प्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क जाने वाले पर्यटकों का सफर भी काफी सुगम और आरामदायक हो जाएगा।
29 किमी सड़क की चौड़ाई बढ़कर होगी 14 मीटर, गौलापार-चोरगलिया मार्ग के चौड़ीकरण की भी तैयारी
लोनिवि के अधिशासी अभियंता (ईई) प्रत्यूष कुमार के अनुसार चौड़ीकरण के बाद डामर वाला हिस्सा 14 मीटर (फोरलेन) हो जाएगा। पूर्व में हुए ट्रैफिक सर्वे के अनुसार लामाचौड़ में रोजाना 9,729 तथा नयागांव में 21,870 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई थी, जिससे इस मार्ग को चौड़ा करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसके अलावा, गौलापार से चोरगलिया तक 30 किमी सड़क को फोरलेन बनाने हेतु विभागीय सर्वे में करीब 7 हजार पेड़ चिह्नित किए गए हैं। चोरगलिया से खटीमा तक के हिस्से का चौड़ीकरण एनएचएआई (NHAI) द्वारा किया जाएगा, जबकि गौलापार-चोरगलिया पैच के लागत आकलन का कार्य प्रगति पर है।

