युवक के साथ भागकर आगरा पहुंची महिला, ताजमहल में गहनों से खुला प्रेमी युगल का राज
ताजमहल में गुरुवार को लावारिस मिले बैग से प्रेमी युगल पकड़ा गया। दोनों मुरादाबाद से भागकर आए थे। सीआईएसएफ की सतर्कता से राज खुला। सीआईएसएफ ने प्रेमी युगल को ताजगंज थाना पुलिस के सुपुर्द किया है। मुरादाबाद पुलिस आगरा आ रही है। कुछ माह पहले ही युवती की शादी हुई थी। वह पति को छोड़कर भागकर आई थी।

सुबह करीब 11 बजे ताजमहल पूर्वी गेट के चेकिंग प्वाइंट के पास एक लावारिस बैग मिला। महिला कर्मचारी ने जानकारी सीआईएसएफ के आसूचना प्रभारी अरविंद सिंह, चोब सिंह त्यागी, प्रमोद कुमार व चंद्रकांत शर्मा को दी। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। बैग किसका है यह सीसीटीवी से पता चला।
कैमरे के सामने बैग खोला गया। उसमें करीब 50 ग्राम सोने के आभूषण थे। सीआईएसएफ के अधिकारियों ने ताजमहल में तैनात अपने जवानों को इसकी सूचना दी। बताया कि जिसका भी बैग खो गया है वह कार्यालय में संपर्क करे। कुछ देर बाद युवक और युवती कार्यालय पहुंचे। युवक ने अपना नाम अनस अली बताया। जानकारी दी कि वह मुगलपुरा द्वितीय लाल स्कूल मुरादाबाद का निवासी है। वह परिचित युवती के साथ ताजमहल घूमने आया था। भूल से उसकी दोस्त का बैग पूर्वी गेट चेकिंग प्वाइंट पर रह गया था।
नहीं बता सकी झुमके का डिजाइन, फंसी
सीआईएसएफ अधिकारियों ने युवती से पूछा कि बैग में क्या-क्या जेवरात हैं। युवती ने बताना शुरू किया। यहां तक तो सब ठीक था। पर उसे यह नहीं पता था कि उसमें झुमके किसी डिजाइन के हैं। इसी पर दोनों से पहचान पत्र मांगे। उन्होंने नहीं दिखाए। बैग उनका ही है इसके साक्ष्य मांगे। दोनों गोलमोल बातें करने लगे। युवक ने अपने परिवारीजनों से बात कराने को कहा।
थाने से जाने मत देना, बैठाकर रखना
युवक ने अपना मोबाइल ऑन किया। एक नंबर मिलाया। कहा कि उसके पिता का नंबर है। सीआईएसएफ इंस्पेक्टर ने अनस के हाथ से मोबाइल ले लिया। अनस का मोबाइल सर्विलांस पर था। कुछ ही पल में उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि सब इंस्पेक्टर जयदेव बोल रहा हूं। सीआईएसएफ इंस्पेक्टर ने उनसे बात की। दरोगा ने बताया कि युवक एक युवती को लेकर भागा हुआ है। युवती की तीन-चार माह पहले किसी दूसरे लड़के से शादी हुई थी। घर से गहने ले गए हैं। युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इन्हें जाने मत देना। बैठाकर रखना। इस सूचना के बाद सीआईएसएफ इंस्पेक्टर ताजगंज पुलिस को सूचना दी। ताजगंज थाना पुलिस प्रेमी युगल को अपने साथ थाने ले गई। मुरादाबाद पुलिस उन्हें लेने आगरा आ रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


