रामनगर : मौसेरी सास पर डाली थी बुरी नजर, दंपती ने घोंट दिया गला

खबर शेयर करें -

रामनगर : यहां निकटतर्वी पटरानी गांव में बिजनौर के युवक की हत्या मौसेरी सास व उसके पति ने की थी। जांच में पता चला कि मौसेरी सास पर बुरी नीयत रखने की वजह से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आवश्यक सबूत जुटाते हुए हत्यारोपित दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।

जुलाई में हुई थी हत्या

उत्तर प्रदेश के बिजनौर के थाना अफजलगढ़ क्षेत्रांतर्गत कटारमल निवासी नरेश कुमार का ससुराल रामनगर के पटरानी गांव में है। उसने अपनी पत्नी रेखा को छोड़ दिया था। बीते जुलाई में वह ससुराल आया और सौ रुपये लेकर चला गया। 14 जुलाई को उसका शव बाइक के साथ पटरानी गांव में मिला था। इस पर नरेश के स्वजनों ने मृतक की पत्नी, सास, ससुर समेत छह लोगों पर मुकदमा कराया।

पहले ससुराल के लोगों पर लगा था आरोप

कोतवाल अरुण सैनी ने विवेचना की तो हत्याकांड में ससुराल के लोगों की संलिप्तता नहीं मिली। जांच में कुंभगडार में रहने वाले मृतक नरेश की मौसेरी सास बसंती देवी और उसके पति गोपाल सिंह का नाम सामने आया।

मौसेरी सास के घर में पी थी शराब

सीओ बलजीत भाकुनी ने बताया कि घटना के दिन नरेश ने कुंभगडार आकर मौसेरी सास के पति के साथ घर में शराब पी। गोपाल जैसे ही खेत में गया तो नरेश ने मौसेरी सास बसंती को अकेला देख बुरी नीयत से पकड़ लिया। बसंती के धक्का देने पर वह जमीन पर गिया। चिल्लाने की आवाज सुन गोपाल खेत से घर पहुंचा। पति-पत्नी ने दुपट्टे से गला दबाकर नरेश की हत्या कर दी। उसके बाद बाइक में रखकर शव पटरानी लाकर फेंक दिया। इधर पुलिस ने आरोपित दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड का पर्दाफाश करने पर एसएसपी ने पुलिस टीम करे पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

टी शर्ट से मिला पुलिस को अहम सुराग

मृतक के शरीर पर मिली टीशर्ट को लेकर पुलिस को शक हुआ। कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि पूछताछ में बसंती देवी के पुत्र ने बताया कि नरेश द्वारा पहनी गई टी शर्ट उसकी है। उसकी मां ने ही यह टीशर्ट नरेश को दी होगी। पुलिस ने पूछताछ की तो सारा घटनाक्रम खुलता चला गया।