हल्द्वानी/खनस्यूं। नैनीताल जिले के अत्यंत दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत तल्ला ओखलकांडा गांव से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ शराब के नशे में धुत एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी 28 वर्षीया पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। इस खौफनाक वारदात के बाद मृतका अपने पीछे चार छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गई है।
सुबह मां के न उठने पर मासूम बेटे ने पड़ोसियों को दी जानकारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ओखलकांडा निवासी भीम सिंह उर्फ मोनू (36 वर्ष) पेशे से मजदूर है और शराब पीने का आदी है। बीते 21 अगस्त 2026 की रात वह मजदूरी के बाद अत्यधिक शराब के नशे में घर लौटा। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी डिंकी देवी (28 वर्ष) से विवाद हो गया। बहस बढ़ने पर आपा खो चुके भीम सिंह ने डिंकी देवी के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात में ही फरार हो गया। घटना का खुलासा अगली सुबह तब हुआ, जब मृतका के मासूम बेटे ने पड़ोसियों को जाकर बताया कि उसकी मां सुबह से उठ नहीं रही है। घर पहुंचे पड़ोसियों ने जब अंदर का नजारा देखा तो सन्न रह गए और तुरंत खनस्यूं थाना पुलिस को सूचित किया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सुशीला तिवारी अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही 22 अगस्त को खनस्यूं थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा। शाम को पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फरार पति की तलाश में जुटीं पुलिस की 3 टीमें
मामले की जानकारी देते हुए एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बताया कि घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपी पति की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और आरोपी के पम्फलेट तैयार कर जगह-जगह प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी भीम सिंह और उसके बड़े भाई के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था और उनका पालन-पोषण मामा ने किया था। इस दुखद घटना के बाद से गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।


