राजस्थान के करौली में एक दूल्हे को शादी से इंकार करना महँगा पड़ गया। दुल्हन के घर गोद भराई की रस्म हो रही थी, जिसमें लड़के वाले आए हुए थे। तभी दूल्हे ने दुल्हन को देखा और उसे रिजेक्ट कर दिया और फिर शादी से भी इंकार करने लगा।
इससे लड़की के घरवाले और गांव वालों को गुस्सा आ गया। सभी ने मिलकर दुल्हे को पकड़ लिया और उसके मूंछ और बाल काट दिए। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार लड़का टोडाभीम (करौली) थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह स्टेशन मास्टर के पद पर काम करता है। लड़की वालों के ऊपर मारपीट और दुल्हे के बाल और मूंछ काटने का आरोप है। हालांकि इस मामले में लड़के वालों का कहना है कि फोटो में जो लड़की दिखाई गई थी, सगाई के समय उन्हें वो लड़की नहीं दिखी। इसलिए उन लोगों ने लड़की को रिजेक्ट करते हुए गोद भराई की रस्म और शादी करने से इंकार किया था।
स्टेशन मास्टर ने बताया कि परिवार के सभी लोग मिलकर वधु पक्ष के घर पर सगाई की रस्म करने गए थे। मगर वहां जब हमने लड़की को देखा, तो हम सब चौंक गए। क्योंकि जिस लड़की को फोटो में दिखाया गया था, वो इससे अलग थी। इसलिए भाई और बहन ने लड़की को नापसंद करते हुए सगाई से इंकार कर दिया। हम लोगों ने उन्हें घर जाकर जवाब देने को कहा, तो उन लोगों ने रोककर तुरंत जवाब देने की बात कही तो फिर घरवालों ने शादी से इंकार कर दिया।
इसके बाद लड़की वालों ने लड़के के चाचा, पिता और छोटे भाई समेत मुझे रोक लिया। इसके बाद पंचों को बुलाया गया और इस मामले को अपमान बताया गया। इसके बाद दुल्हन के पक्ष के लोगों ने लड़के के साथ मारपीट भी की। उसके पकड़कर बाल और मूंछ काट दिए गए। घटना की जानकारी पुलिस को हुई तो उसने बयान दर्ज करने के बाद छानबीन शुरू कर दी है।