तब आम आदमी पार्टी में थे दीपक बाली, आज भाजपा के टिकट पर महापौर बने; अब आप से विधानसभा दावेदारी पेश कर रहे उदित बंसल ने वेंडिंग जोन के खर्च पर मांगा हिसाब
राजू अनेजा,काशीपुर। राजनीति में वक्त के साथ चेहरे बदलते हैं, राजनीतिक दल बदलते हैं और जिम्मेदारियां भी बदल जाती हैं, लेकिन जनता के पैसों का हिसाब मांगने का मुद्दा हमेशा प्रासंगिक रहता है। काशीपुर नगर निगम की वेंडिंग जोन परियोजना को लेकर उठे सवालों ने करीब छह वर्ष पुरानी सियासी घटनाओं की यादें फिर ताजा कर दी हैं।
दिलचस्प संयोग यह है कि करीब छह वर्ष पूर्व दीपक बाली आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेताओं में शामिल थे। उस दौरान उन्होंने तत्कालीन महापौर उषा चौधरी से एक मामले को लेकर जवाब और हिसाब मांगा था। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी बाली ने आम आदमी पार्टी के टिकट पर काशीपुर सीट से चुनाव भी लड़ा था। इसके बाद उनकी राजनीतिक पारी ने नया मोड़ लिया। वह भाजपा में शामिल हुए और भाजपा के टिकट पर महापौर का चुनाव जीतकर आज काशीपुर नगर निगम की कमान संभाल रहे हैं।
अब राजनीतिक परिस्थितियां फिर बदली हुई हैं। आम आदमी पार्टी की ओर से काशीपुर विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे उदित बंसल ने महापौर दीपक बाली के नेतृत्व वाले नगर निगम प्रशासन से वेंडिंग जोन परियोजना में खर्च हुई करोड़ों की धनराशि का हिसाब मांगते हुए सवाल खड़े किए हैं। हालांकि महापौर दीपक बाली ने सभी आरोपी को निराधार बताते हुए कहां कि विपक्ष को अब विकास नहीं पच रहा है और वह जनता के हित में चल रहे विकास रूपी रथ को अब रुकने नहीं देंगे चाहे विपक्ष उनके खिलाफ कितने भी षड्यंत्र क्यों न रच ले।
बाली के पुराने राजनीतिक दौर की यादें फिर चर्चा में
करीब छह वर्ष पहले तत्कालीन महापौर उषा चौधरी के कार्यकाल में दीपक बाली ने एक मामले को लेकर नगर निगम से जवाबदेही मांगी थी। उस समय वह आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल थे। वर्ष 2022 में उन्होंने इसी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा। बाद में भाजपा में शामिल होकर उन्होंने भाजपा के टिकट पर महापौर का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। आज वह काशीपुर के महापौर के रूप में नगर निगम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
अब उदित बंसल ने उठाया वेंडिंग जोन का मामला
वर्तमान में उदित बंसल ने 215 दुकानों वाली वेंडिंग जोन परियोजना को लेकर आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम प्रशासन से जवाब मांगा है। निर्माण पर करीब 6.07 से 6.80 करोड़ रुपये तक के खर्च के उल्लेख, विद्युत एवं सिविल कार्यों की लागत और दुकानों के प्रस्तावित आवंटन शुल्क को लेकर उन्होंने सवाल खड़े किए हैं।
बंसल ने महापौर दीपक बाली और नगर निगम प्रशासन से डीपीआर, टेंडर प्रक्रिया, निर्माण की वास्तविक लागत और आवंटन की दरों का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।
बदली राजनीतिक भूमिकाएं, लेकिन जवाबदेही का सवाल बरकरार
इस पूरे घटनाक्रम को किसी व्यक्तिगत राजनीतिक टकराव के बजाय लोकतंत्र में जवाबदेही की निरंतरता के रूप में भी देखा जा सकता है। कभी आम आदमी पार्टी में रहते हुए दीपक बाली ने तत्कालीन महापौर उषा चौधरी से सवाल पूछे थे। आज भाजपा के महापौर दीपक बाली के नेतृत्व वाले नगर निगम प्रशासन से आम आदमी पार्टी के नेता उदित बंसल जवाब मांग रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि वेंडिंग जोन परियोजना को लेकर उठाए गए सवालों पर नगर निगम प्रशासन दस्तावेजों के साथ क्या स्पष्टीकरण देता है। आखिर जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही ही जनता का भरोसा मजबूत करती है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें


