हल्द्वानी: मुखानी क्षेत्र के होटल में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई; महज 6 घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -
हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर घटना में शामिल चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शहर के चर्चित ‘आईटीआई गैंग’ से जुड़े बताए जा रहे हैं और इनमें से एक आरोपी छात्र संघ अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुका है, जिसके बाद इस मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है।

होटल ले जाकर की दरिंदगी, घर पहुंचने पर पीड़िता ने परिजनों को सुनाई आपबीती

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह शर्मनाक घटना 12 नवंबर की रात मुखानी थाना क्षेत्र में घटित हुई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि चार युवक उसे डरा-धमकाकर और बहला-फुसलाकर मुखानी स्थित एक होटल में ले गए, जहां चारों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। दरिंदगी के कारण नाबालिग की शारीरिक हालत बिगड़ गई, जिसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंची।
जब परिजनों ने बेटी की बिगड़ी हुई हालत देखी और उससे कारण पूछा, तो पीड़िता ने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। यह सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद परिजन तत्काल मुखानी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

6 घंटे में दबोचे गए चारों आरोपी, चर्चित ‘आईटीआई गैंग’ से जुड़े होने की बात आई सामने

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल पॉक्सो (POCSO) एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया। प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और साक्ष्यों के आधार पर ताबड़तोड़ दबिश देते हुए मात्र छह घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपियों— धीरज बिष्ट, नितिन (नीतीश) पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी—को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए चारों युवक कॉलेज के छात्र हैं और हल्द्वानी के चर्चित ‘आईटीआई गैंग’ से संबंध रखते हैं। वहीं, एक आरोपी के छात्र संगठन से जुड़े होने और पूर्व में छात्र संघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की बात सामने आने के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी कानून-व्यवस्था और छात्र राजनीति के अपराधीकरण को लेकर सरकार पर हमला बोला है।
“बीती देर रात मुखानी थाने में एक परिवार आया था, जिसने अपनी नाबालिग बेटी के साथ एक होटल में दरिंदगी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 4 नामजद युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों—धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
— मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल
यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर खूनी संघर्ष में युवक की हत्या; मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अब तक तीन दबोचे गए
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  राष्ट्रपति से सम्मान लेकर काशीपुर पहुंचे दीपक बाली का जोरदार खैरमकदम! भव्य स्वागत से गदगद महापौर बोले- देवतुल्य जनता के सहयोग से अब देश में नंबर वन बनाएंगे काशीपुर