हरीश रावत ने भाजपा पर बोला हमला, बोले सेना इंडियन आर्मी है कोई भाजपाई सेना नहीं
उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सेना को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला बोला. इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि मोदी जी और बीजेपी सेना का अपमान कर रहे हैं. यह भारतीय सेना है न कि भाजपा सेना या सरकारी सेना.
![]()
हरीश रावत ने कहा कि शहीद जवानों के नाम पर बीजेपी राजनीतिक फायदा उठा रही है. यह हमारी सेना का राजनीतिकरण करता है. न मेरी है न तुम्हारी, देश की सेना है. रावत ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए एक ट्वीट भी किया जिसमें लिखा कि उत्तराखंड में भाजपा ने महापाप किया है. भाजपाई ठगों ने देवभूमि की देवतुल्य जनता को अनेक प्रलोभन देने की कोशिश की. मगर यह भाजपाई ठग जानते नहीं, यह संघर्षी उत्तराखंडियों की धरती है. यहा ठगों का धन बल और प्रलोभन नहीं, उत्तराखंडवासियों की हुंकार चलेगी. जय उत्तराखंड! जय उत्तराखंडियत!
रावत ने एक और ट्वीट में लिखा कि आज भाजपा के धन बल, झूठ और लूट पर उत्तराखंड की जनता का करारा प्रहार होगा. 5 वर्षों से शोषित होने को मजबूर उत्तराखंड और उत्तराखंडी, आज जीतेगा. इस बार का मतदान ऐतिहासिक होगा. कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि मुझे विभिन्न मीडिया तंत्रों से देखने को मिला है कि राज्य से बाहर, रोजगार या अन्य कारकों से रहने वाले उत्तराखंड के मतदाता आज मतदान करने अपने-अपने क्षेत्र पहुंचे हुए हैं. उत्तराखंड और उत्तराखंडियत की रक्षा के लिए आपका यह सार्थक कदम नमन करने योग्य है.

