लालकुआं: एटीएम में मदद के बहाने युवती का कार्ड बदलकर उड़ाए 1 लाख 15 हजार रुपये; स्वरोजगार के लिए लिया था गोल्ड लोन, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शातिर ठगों की तलाश में जुटी पुलिस

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम बूथ में रुपये निकालने पहुंची एक युवती को मदद का झांसा देकर दो शातिर बदमाशों ने बड़ी चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये पार कर दिए। स्वरोजगार शुरू करने के उद्देश्य से गोल्ड लोन लेने वाली युवती के साथ हुई इस ठगी की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने परिजनों के साथ लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व ठगी गई रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

बैंक कर्मचारी बनकर दिया झांसा, कार्ड बदलकर साथी संग फरार हुआ ठग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के तिवारी नगर वार्ड नंबर छह निवासी मेंहजबीं शनिवार सुबह करीब 11 बजे नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि एटीएम मशीन में तकनीकी खराबी के चलते काफी प्रयासों के बावजूद उसके रुपये नहीं निकल पा रहे थे। इसी दौरान एटीएम के पास खड़े एक युवक ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हुए उसकी मदद करने की पेशकश की।
युवती युवक के झांसे में आ गई और मदद के लिए अपना एटीएम कार्ड उसे सौंप दिया। आरोप है कि शातिर युवक ने पलक झपकते ही युवती का एटीएम कार्ड बदल लिया और कुछ देर तक मशीन में रुपये निकालने का नाटक करता रहा। इसके बाद वह अपने दूसरे साथी के साथ मौके से फरार हो गया।

स्वरोजगार के लिए लिया था 1.80 लाख का गोल्ड लोन, मैसेज आते ही उड़े होश

कुछ ही देर बाद जब मेंहजबीं के मोबाइल फोन पर बैंक खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया, तो उसके होश उड़ गए। बदहवास हालत में उसने आनन-फानन में भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और इसके बाद परिजनों के साथ लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी।
पीड़िता मेंहजबीं ने बताया कि उसने अपना स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक से 1 लाख 80 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था। इसी रकम में से कुछ पैसे निकालने वह एटीएम गई थी, लेकिन पहले से घात लगाए बैठे दो शातिर ठगों ने उसे अपने जाल में फंसाकर उसकी जमापूंजी पर हाथ साफ कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुआ टोपी पहने संदिग्ध, पुलिस ने तेज की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। बैंक और एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक टोपी पहने संदिग्ध युवक युवती के साथ खड़ा दिखाई दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें 👉  खटीमा: सरपुड़ा के जंगल में बाघ ने अज्ञात युवक को बनाया निवाला; झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव, जेब से मिले नेपाली नोटों से नेपाल निवासी होने की आशंका
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल को उनके ही चालक ने मारी गोली; माथे के पास गोली लगने से गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती