स्कूल के गेट पर प्रिंसिपल पर टूटा 10वीं का छात्र; निलंबन से नाराज छात्र ने की मारपीट, पुलिस हिरासत में

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के ज्वालापुर क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अनुशासनहीनता और लगातार शिकायतों के चलते स्कूल से निलंबित किए गए 10वीं कक्षा के एक छात्र ने स्कूल के मुख्य गेट पर ही प्रिंसिपल के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद से शिक्षा जगत में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है, जबकि देर रात तक परिजन मामले में समझौते के प्रयास में जुटे रहे।
शिकायतों के बाद स्कूल से किया गया था निलंबित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक अशासकीय विद्यालय में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के एक छात्र की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। छात्रों और शिक्षकों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विद्यालय के प्रिंसिपल ने सख्त कदम उठाते हुए उसे स्कूल से निलंबित कर दिया था। इसके बावजूद छात्र बाज नहीं आया और शनिवार को फिर से स्कूल पहुंच गया।
गेट पर रोकने पर भड़का छात्र, प्रिंसिपल पर किया हमला
निलंबन के बाद जब छात्र स्कूल के गेट पर अंदर जाने की जिद करने लगा, तो प्रिंसिपल ने उसे गेट पर ही रोक लिया और वापस बाहर जाने के लिए कहा। इसी बात से गुस्साए छात्र ने प्रिंसिपल के साथ बदसलूकी शुरू कर दी और देखते ही देखते उन पर हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद छात्र मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। विद्यालय प्रबंधन की ओर से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छात्र को हिरासत में ले लिया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, देर रात तक छात्र के परिजन प्रिंसिपल की मान-मनौव्वल कर मामले को सुलझाने और समझौते के प्रयास करते नजर आए।

