बेरीनाग में घास काटने गई महिला पर भालू का हमला, पैर चबाया; डाडल गांव में चार भालुओं की चहलकदमी से फैली दहशत
पिथौरागढ़। बेरीनाग विकासखंड के पांखू क्षेत्र स्थित डाडल गांव में सोमवार देर शाम घास काटने गई एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने 52 वर्षीय चम्पा देवी का पैर बुरी तरह चबा डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने और शोर मचाने के बाद भालू महिला को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। ग्रामीणों ने गंभीर हालत में महिला को तत्काल जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
एक साथ घूम रहे चार भालू, वन विभाग ने गांव में बढ़ाई गश्त; सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ समय से डाडल और मसूरिया क्षेत्र में चार भालू एक साथ घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे ग्रामीण पहले से ही खौफजदा थे। सूचना मिलने के बाद वन क्षेत्राधिकारी चंदा मेहरा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और जानकारी जुटाई। सामाजिक कार्यकर्ता केशर महरा व ग्रामीणों ने वन विभाग से भालुओं को तुरंत ट्रैंकुलाइज़ कर पकड़ने और आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की गुहार लगाई है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है और ग्रामीणों से जंगल या घास काटने जाते समय सतर्क रहने की अपील की गई है।

