उत्तरकाशी: मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड; 33 आवासीय भवन, पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय जलकर राख, साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

खबर शेयर करें -
उत्तरकाशी। जनपद के मोरी तहसील अंतर्गत पवाणी गांव में मंगलवार शाम लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। आग की चपेट में आने से गांव के 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की भेंट चढ़ गए। इस अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। शाम करीब 4:49 बजे भड़की आग पर ग्रामीणों, प्रशासन और राहत-बचाव दलों की साढ़े चार घंटे से अधिक की कड़ी मशक्कत के बाद रात 9:16 बजे काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि और पशुहानि की सूचना नहीं है, हालांकि आग बुझाने के प्रयास में एक ग्रामीण घायल हो गया।

संयुक्त टीमों व ग्रामीणों ने साढ़े चार घंटे में बुझाई आग, नेटवर्क अभाव से आई दिक्कत

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा मंगलवार रात जारी रिपोर्ट के अनुसार, पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत-बचाव दलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आग बुझाने में सहयोग किया। सभी के संयुक्त प्रयासों से रात लगभग 9:16 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक 33 आवासीय भवन जलकर नष्ट हो चुके थे।
आग बुझाने के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर चोटिल हो गए। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर चिकित्सक दल और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा भी भेजी गई थी। प्रशासन के मुताबिक, प्रभावित गांव में मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता के चलते मौके से संवाद स्थापित करने में भी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

58 प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री व आश्रय की व्यवस्था, सीएसआर मद से बनेगा शेल्टर

प्रभावित 58 परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक दैनिक वस्तुओं की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, बेघर हुए परिवारों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने के लिए राहत शिविर स्थापित किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
इसके अतिरिक्त, प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित शेल्टर के निर्माण में एसजेवीएनएल (SJVN) नैटवाड़ से सीएसआर (CSR) मद के अंतर्गत सहयोग प्राप्त करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में विभिन्न विभागों की टीमें प्रभावितों को हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
यह भी पढ़ें 👉  कोटद्वार के कोटड़ीढांग में महिला को निवाला बनाने की घटना के बाद वन विभाग की बड़ी कार्रवाई; देर रात एक बड़े गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ा, जांच के बाद होगी हमलावर होने की पुष्टि
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  कारोबारी रिश्ते में भरोसे का कत्ल! पार्टनर पर 8 करोड़ की धोखाधड़ी, 1.700 किलो सोना हड़पने और AI वीडियो से बदनाम करने की धमकी देने के आरोप