बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास पिकअप और कार में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत; 8 लोग घायल, 4 जोशीमठ रेफर

खबर शेयर करें -
चमोली। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम लामबगड़ के समीप दो वाहनों के बीच हुई भीषण टक्कर में आठ लोग घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद बोलेरो पिकअप और कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जोशीमठ रेफर कर दिया गया है।

पिकअप और राजस्थान नंबर की कार में हुई टक्कर

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास एक पिकअप और राजस्थान नंबर की कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। पिकअप वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जबकि कार में दो लोग मौजूद थे। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया और सभी घायलों को नजदीकी जेपी कंपनी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोशीमठ रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। कार में सवार यात्रियों को हल्की और सामान्य चोटें आईं हैं।

घायलों का विवरण

बोलेरो पिकअप वाहन में सवार घायल:
  • अंशुल (26 वर्ष), निवासी मंगलौर, हरिद्वार
  • मोनू पाल (29 वर्ष), निवासी लंढौरा, हरिद्वार
  • शिवम (31 वर्ष), निवासी मंगलौर, हरिद्वार
  • शिव कुमार (42 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर
  • मेनपाल (38 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर
  • मनोज कुमार (35 वर्ष), निवासी डिडावली, मुजफ्फरनगर
  • मोंटी (28 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर
  • जॉनी पाल (35 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर
कार में सवार घायल (जयपुर, राजस्थान निवासी):
  • अर्चिसा (20 वर्ष)
  • पुष्पेंद्र कुमार (50 वर्ष)
  • पूनम रानी (46 वर्ष) (कार सवार इन तीनों यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं)

पुलिस अधीक्षक का बयान

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया। फिलहाल दुर्घटना के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है। पर्वतीय मार्गों पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 हमारे फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 हमारे टेलीग्राम चैनल से जुड़ें

यह भी पढ़ें 👉  देश की रक्षा में तैनात जवान की अंतिम विदाई पर नम हुईं आंखें, महापौर दीपक बाली ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि