मेडिकल स्टोर पर सीने में दर्द के बाद गिरा व्यक्ति, संचालक ने सूझबूझ से CPR देकर बचाई जान
चमोली/कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग-सिमली मार्ग स्थित एक मेडिकल स्टोर पर सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से वह स्टूल से नीचे गिर पड़ा। मेडिकल स्टोर संचालक ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सीपीआर (CPR) देकर युवक को प्राथमिक उपचार दिया, जिससे उसकी जान बच गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 16 सितंबर की शाम पीड़ित युवक अपनी मां के साथ मेडिकल स्टोर पहुंचा था। जांच में उसका ब्लड प्रेशर 140 आने पर जब स्टोर संचालक ने अस्पताल जाने की सलाह दी, तो उसने गैस की दवा देने की बात कही और इसी दौरान वह अचेत होकर गिर पड़ा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पूर्व में मैक्स अस्पताल में काम कर चुके हैं संचालक, सीपीआर देकर पहुंचाया अस्पताल
मेडिकल स्टोर संचालक कैलाश चंद्र ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में देहरादून से फार्मेसी का प्रशिक्षण लेने के बाद दिल्ली के मैक्स अस्पताल में लगभग तीन वर्ष तक कार्य किया था। अपने डॉक्टरी अनुभव का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने बिना समय गंवाए मरीज को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। सही समय पर प्राथमिक उपचार मिलने के बाद युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अब डॉक्टरों की देखरेख में उसकी हालत में निरंतर सुधार हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने मेडिकल स्टोर संचालक की त्वरित सूझबूझ और मानवीय कार्य की जमकर सराहना की है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

